कराची में बारिश की वजह से हालात
- फोटो : पीटीआई
पाकिस्तान के सबसे बड़े महानगर कराची में इस समय मानसून कहर बरपा रहा है। जानकारी के मुताबिक शहर में भारी बारिश की वजह से कम से कम 42 लोगों की मौत हो चुकी है और शहर के कई हिस्सों में बारिश का पानी भर गया है, जिससे शहर की व्यवस्था पटरी से उतर गई है।
शनिवार से ही कराची के कई हिस्सों में बारिश हो रही है। पाकिस्तान सरकार के अधियारियों के अनुसार दक्षिणी सिंध राज्य में शनिवार से अबतक कुल 28 लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि जुलाई के आखिरी सप्ताह से शुरू हुई बारिश में अब तक करीब 42 मौतें हुई हैं।
कराची के मेयर वसीम अख्तर ने मंगलवार को कहा कि बारिश ने शहर में तबाही मचा दी है। उन्होंने कहा, 'शहर में विद्युतीकरण की घटनाओं से मरने वालों के हवाले से एफआईआर दर्ज करवाने जा रहे हैं।' मेयर ने इसके लिए शहर में बिजली आपूर्ति करने वाली कराची इलेक्ट्रिक (केई) को जिम्मेदार ठहराया।
बता दें कि कुछ दिन पहले ही कराची डिफेंस हाउसिंग अथॉरिटी में बिजली का खंभा छूने की वजह से तीन दोस्तों की मौत हो गई थी। एक अधिकारी ने बताया कि एक जेनरेटर से उठने वाले डीजल के धुंए को सांस के साथ लेने की वजह से चार भाईयों की मौत हो गई थी।