हमास-इस्राइल के बीच भीषण युद्ध जारी है। गाजा पट्टी स्थित हमास आतंकी समूह ने सात अक्तूबर को इस्राइल के पवित्र त्योहार के दिन पांच हजार रॉकेट दागे। जिसके बाद से ही दोनों के बीच युद्ध की शुरूआत हुई। हमास के अस्तित्व को खत्म करने की मंशा से इस्राइल ने भी गाजा पट्टी पर जमकर रॉकेट दागे। इस युद्ध में दोनों पक्षों से बड़ी संख्या में मौतें हुई।
अब तो हमास के लड़ाकों की दरिंदगी अब पूरी दुनिया देख रही है। अब पता चला है कि सात अक्टूबर को बंधक बनाई गई एक जर्मन महिला की मौत हो गई है। उनकी पहचान शानी लौक के रूप में हुई है। उनका शव गाजा में इस्राइली सैनिकों को मिला है। उनकी बहन आदि लौक ने सोशल मीडिया पर कहा कि बहुत दुख के साथ हम अपनी बहन की मौत की खबर आपसे साझा कर रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, 23 साल की लौक को उस वक्त बंधक बनाया लिया गया था, जब वह गाजा सीमा के पास सुपरनोवा संगीत समारोह में शिरकत करने पहुंची थीं। इस संगीत समारोह पर सात अक्बतूर को अचानक हमास ने हमला कर दिया था। इस दौरान कई लोग मारे गए थे और हमास की दरिंदगी के कई वीडियो भी वायरल हुए थे। हमास के आतंकियों ने लौक को बंधक बनाने के बाद एक पिकअप ट्रक में निर्वस्त्र कर घुमाया था। एक वायरल वीडियो में उन्हें पिकअप ट्रक में औंधे मुंह लेटी हुई देखा गया। परिवार ने उनकी पहचान बालों और टैटू से की थी।
इस बीच हमास ने फिर से एक ताजा वीडियो साझा किया है। जिसमें सात अक्तूबर को इस्राइल पर हमले के दौरान बंधक बनाई गई तीन महिलाओं को दिखाया गया है। जिसमें इस्राइल पीएम नेतन्याहू को संदेश देते हुए महिला को सुना गया। जिसमें बंधक बनाई महिला कहती है कि पीएम नेतन्याहू, हम जानते हैं कि युद्धविराम होना था,आपको हम सभी को रिहा करवाना था लेकिन ऐसा न हो सका।
महिला सैनिक रिहा कराया गया
इस बीच हमास के हमले के दौरान बंधक बनाई गई महिला सैनिक को गाजा में उसके जमीनी अभियान के दौरान रिहा कराया लिया गया है। इस्राइल की ओर से यह जानकारी सामने आ रही है।
एलोन लेवी बोले, अधिक राजनयिक समर्थन की चाह
इस्राइल-हमास युद्ध पर इस्राइल सरकार के प्रवक्ता एलोन लेवी ने कहा, आने वाले दिन ज्यादा कठिन होने वाले हैं। इस्राइल हमास को पूरी तरह ही खत्म कर देगा। कठिन समय पर भारत के समर्थन पर एलोन लेवी ने कहा, हम मित्रों और सहयोगियों से अधिक राजनयिक समर्थन चाहते हैं। साथ ही उन्होंने कहा, हम भारत के समर्थन की सराहना करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री नेतन्याहू की बातचीत हुई है।
आईडीएफ टैंक गाजा शहर के मुख्य सड़कों पर मौजूद
दावा किया जा रहा है कि आईडीएफ टैंक गाजा शहर के मुख्य सड़कों पर पहुंच गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, टैंकों को सलाह-अल-दीन मार्ग पर देखा गया, जो उत्तर में गाजा शहर को गाजा पट्टी के दक्षिण में खान यूनिस से जोड़ता है। विशेषज्ञों की माने तो आईडीएफ धीरे-धीरे गाजा में अपने जमीनी ऑपरेशन का विस्तार कर रहा है। आईडीएफ ने कहा, गाजा पट्टी में चल रहे जमीनी ऑपरेशन में सैनिकों ने लड़ाकू हेलीकॉप्टरों और ड्रोन को हमास पर हमला करने का निर्देश दिया गया है। टैंक रोधी निर्देशित मिसाइलों ने चौकियों को भी ध्वस्त कर दिया। सेनाएं पिछले कुछ घंटों से गाजा पट्टी में अपना जमीनी अभियान जारी रखे हुए हैं।