इस्राइल और फलस्तीनी आतंकी संगठन हमास के बीच पिछले चार दिनों से युद्ध जारी है। इस्राइली सेना गाजा में लगातार हवाई हमले कर रही है, जिसमें अब तक 900 से अधिक फलस्तीनी नागरिकों की मौत हो चुकी है। वहीं, इस्राइल पर हमास के हमले में 1000 से अधिक लोगों की जानें गईं। साथ ही हमास और दूसरे फलस्तीनी इस्लामी चरमपंथी समूहों ने 150 से अधिक इस्राइली और विदेशी नागरिकों को बंधक बनाने का दावा किया है। इनमें इस्राइली सैनिक भी शामिल हैं। इस्राइली सेना ने 50 परिवारों को उनके कम से कम एक सदस्यों के बंधक बनाए जाने की सूचना दी है।
इस बीच, रामाल्ला में हमास के नेता इस्माइल हनीयेह ने धमकी दी कहा है कि युद्ध के खत्म होने तक बंदियों की अदला-बदली नहीं की जाएगी। हमास के राजनीतिक ब्यूरो के प्रमुख हनीयेह ने कहा कि मध्यस्था और बंदियों की रिहाई को लेकर समूह से संपर्क करने वाले पक्षों को यह बता दिया गया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, हनीयेह ने फलस्तीनी उद्देश्य के लिए जान देने के लिए तत्पर गाजा के लोगों की सराहना की और यह भी कहा कि इस्राइल की तरफ से बदले की कार्रवाई उसकी शर्मनाक हार की हताशा को दर्शाती है। हमास ने इस्राइल के तटवर्ती शहर अश्कलोन पर रॉकेट से हमला करने की धमकी भी दी है।
हमास के दो शीर्ष नेता मार गिराए
इस्राइली वायुसेना ने मंगलवार को कहा कि उसने हमास के दो शीर्ष नेताओं को मार गिराया है। इनमें एक गाजा में हमास प्रशासन के वित्त मंत्री जवाद अबू शमाला और राजनीतिक ब्यूरो के वरिष्ठ सदस्य जकारिया अबू मामेर शामिल है। शमाला हमास के लिए धन एकत्र करने के साथ गाजा पट्टी के अंदर और बाहर आतंकी हमले कराता था। मामेर गाजा पट्टी से संबंधित फैसले लेने के लिए जिम्मेदार था। वह याह्या सिनवार का करीबी थी, जो गाजा पट्टी में हमास का प्रमुख फलस्तीनी नेता है।
इस्राइल में मतृकों की संख्या 1,000 के पार
इस्राइली सेना के ब्रिगेडियर जनरल डैन गोल्डफस ने मंगलवार को रिपोर्टरों को बताया कि हमास के हमले में मरने वालों की संख्या 1,000 से अधिक हो गई है। उन्होंने यह भी कहा कि इस्राइल की जवाब कार्रवाई में गाजा में भी 830 लोग मारे गए हैं।
इस्राइल पर हमास हमले में ईरान का हाथ नहीं: खामेनेई
ईरान के शीर्ष अधिकारी अयादुल्लाह अली खामेनेई ने मंगलवार को कहा कि तेहरान किसी भी तरह से शनिवार को इस्राइल पर हुए हमास के हमले में शामिल नहीं था। हालांकि उन्होंने इस्राइल की अपूरणीय सैन्य व खुफिया हार की प्रशंसा की। खामेनेई ने कहा, हम उन लोगों के हाथों को चूमते हैं जिन्होंने जायोनी शासन पर हमले की योजना बनाई।
एअर इंडिया ने टिकट रद्द करने पर शुल्क हटाया
एअर इंडिया इस्राइल के तेल अवीव जाने या वहां से भारत आने वाली उड़ानों के टिकट रद्द करने या यात्रा तारीख में बदलाव करने पर कुछ समय तक कोई शुल्क नहीं लेगी। हमास के हमले के बाद समूचे इलाके में तनाव के बाद एअर इंडिया ने तेल अवीव से भारत तक की उड़ानें 14 अक्तूबर तक के लिए निरस्त कर दी हैं।