गुयाना के राष्ट्रपति इरफान अली ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे दुनियाभर के नेताओं के बीच चैंपियन हैं। उनका प्रभावशाली नेतृत्व और विकासशील देशों में योगदान उन्हें खास बनाता है। उन्होंने कहा कि मोदी की शासन शैली कमाल की है। गुयाना व अन्य देशों में इसकी प्रासंगिकता है और इसे अपनाया जाता है।
पीएम मोदी का बहुत बहुत आभार- इरफान अली
गुयाना के राष्ट्रपति ने एक साझा बयान में कहा, पीएम मोदी का बहुत बहुत आभार। आपका यहां आना हमारे लिए सम्मान की बात है। आपने विकासशील दुनिया को रोशनी दिखाई है और आपने विकास के ऐसे मापदंड और ढांचे बनाए हैं जिन्हें कई लोग अपने देश में अपना रहे हैं। इरफान अली ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को कैरीकॉम नेताओं से मिलवाने का सौभाग्य मिला। उनका यहां आना और बैठक में शामिल होना भारत और कैरीबियाई देशों के बीच साझा मूल्यों और आपसी प्रगति के दृष्टिकोण पर मजबूत होते रिश्तों को दर्शाता है।
इरफान अली ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा पोस्ट
पीएम मोदी के गुयाना दौरे को लेकर इरफान अली ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, कल शाम, मैंने भारत गणराज्य के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का तीन दिवसीय राजकीय दौरे के लिए गुयाना में स्वागत किया। शाम को जॉर्जटाउन के गुयाना मैरियट होटल में मुझे प्रधानमंत्री मोदी को कई कैरीकॉम नेताओं से मिलवाने का सौभाग्य मिला, जो दूसरे भारत-कैरीकॉम शिखर सम्मेलन के लिए यहां आए हैं। इस बैठक ने भारत और कैरीबियाई देशों के बीच मजबूत होते संबंधों को रेखांकित किया, जो साझा मूल्यों और आपसी प्रगति के लिए एक दृष्टिकोण पर आधारित है।
प्रधानमंत्री मोदी को गुयाना में जीवंत भारतीय प्रवासियों के सदस्यों से जुड़ने का अवसर भी मिला। हमारी “वन गुयाना” पहल के तहत एक सांस्कृतिक प्रदर्शन देखना बहुत ही सुखद था, जिसमें विविधता में एकता और हमारे देशों को जोड़ने वाले गहरे संबंधों का जश्न मनाया गया। आज, हम उच्च स्तरीय चर्चाओं में शामिल होने और कई समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर करके कई समझौतों को औपचारिक रूप देने के लिए तत्पर हैं। यह यात्रा गुयाना और भारत के बीच स्थायी साझेदारी का प्रमाण है, और मुझे विश्वास है कि यह भविष्य में और भी अधिक सहयोग की ओर ले जाएगी।
'भारत कैरेबियाई देशों के साथ सहयोग बढ़ाने के लिए उत्सुक'
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत कैरेबियाई देशों के साथ कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए उत्सुक है। पीएम मोदी दूसरे भारत-कैरिकॉम शिखर सम्मेलन में कैरेबियाई साझेदार देशों के नेताओं के साथ आर्थिक सहयोग, कृषि और खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य और फार्मास्यूटिकल्स, और विज्ञान और नवाचार जैसे क्षेत्रों में संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा करेंगे। कैरीकॉम के राष्ट्र प्रमुखों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच पिछली बार 2019 में संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के 74वें सत्र में मुलाकात हुई थी।
गुयाना से है निजी जुड़ाव, 24 साल पहले आम नागरिक के तौर पर आया था: मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि गुयाना के साथ उनका निजी जुड़ाव रहा है। 24 वर्ष पहले वे एक सामान्य नागरिक के तौर पर वहां गए थे। उन्होंने कहा, आज मैं प्रधानमंत्री के तौर पर यहां आकर सौभाग्यशाली महसूस कर रहा हूं। राष्ट्रपति इरफान अली का भारत के साथ विशेष रिश्ता है। पिछले वर्ष उन्होंने प्रवासी भारतीय दिवस में शिरकत की थी। उनकी यात्रा ने हमें अपने सहयोग को नए स्तर पर ले जाने के लिए प्रेरित किया। पीएम मोदी ने कहा, भारत और गुयाना इस बात पर सहमत हैं कि जलवायु न्याय दोनों देशों के लिए एक साझा प्राथमिकता है। हम सभी क्षेत्रों में प्रगति के लिए प्रयास करना जारी रखेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा, हमारे रिश्ते 180 साल पहले भारत से गुयाना आए लोगों ने स्थापित किए थे। आज, भारतीय समुदाय गुयाना के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।