उत्तरी नाइजीरिया में शुक्रवार को एक स्कूल की सैकड़ों छात्राओं को अगवा करने का मामला सामने आया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि हथियारबंद लोगों के एक समूह ने शुक्रवार तड़के स्कूल पर धावा बोल दिया। इसके बाद से सैकड़ों छात्राएं लापता हैं।
नाइजीरिया में पिछले कुछ समय से स्कूली बच्चे बनाए जा रहे हैं निशाना
बताया जा रहा है कि यह स्कूल उत्तरी पश्चिमी नाइजीरिया के जांफ्रा शहर के जैंगेबे इलाके में है। यहीं पर स्कूल का एक हॉस्टल भी है, जिसमें लड़कियां रहती हैं। पिछले कुछ समय में स्कूली बच्चे नाइजीरिया में निशाने पर रहे हैं।
300 लड़कियां लापता, सुरक्षा चौकी पर भी हुआ हमला
नसीरू अब्दुल्लाही ने बताया कि स्कूल के रिकॉर्ड के अनुसार 300 लड़कियां लापता हैं, जिनमें से उनकी 10 वर्षीय और 13 वर्षीय दो बेटियां भी शामिल हैं। स्थानीय नागरिक मूसा मुस्तफा ने कहा कि हथियारबंद लोगों ने पास के ही सैन्य शिविर और सुरक्षा चौकी पर भी हमला किया ताकि सैनिक कोई जवाबी कार्रवाई नहीं कर सकें।
किसी के हताहत होने की नहीं मिली सूचना
मुस्तफा ने दावा किया कि हमलावर समूह के लोग घंटों तक स्कूल में ही रहे। हालांकि, किसी के हताहत होने के संबंध में कोई सूचना नहीं है। पश्चिमी अफ्रीकी इस देश में पिछले कई सालों से इस तरह से अपहरण करने और हमला करने के मामले सामने आते रहे हैं।
फिरौती वसूलते हैं अपहरणकर्ता
बता दें शुक्रवार की घटना से करीब दो सप्ताह पहले भी नाइजर राज्य में एक कॉलेज से हथियारबंद लोगों ने 42 लोगों को अगवा कर लिया था, जिनमें 27 छात्र भी शामिल थे। वहीं, पिछले साह दिसंबर में ही कंकारा के एक स्कूल पर हमला करके बंदूकधारियों ने 300 छात्रों का अपहरण कर लिया था। हालांकि, उन्हें बाद में छोड़ दिया गया था। कहा जा रहा है कि फिरौती वसूलने के बाद बच्चों को छोड़ा गया।