भारत में सरकारी व्यवस्था में गड़बड़ी के तमाम किस्से आपने सुने होंगे। लेकिन संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) सरीखे कानून-कायदों को लेकर सख्त देश में भी सरकारी कर्मचारियों ने ऐसी गड़बड़ कर दी, जिससे दो भारतीय परिवारों के लिए अपने सदस्यों की मौत का गम दोगुना हो गया। दुबई में मरे अपने पुत्र के शव का एक सप्ताह से इंतजार कर रहे केरल के एक परिवार को उसकी बजाय तमिलनाडु निवासी एक अन्य भारतीय का शव भेज दिया गया।
खलीज टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, रूवाइस में साइट सुपरवाइजर के तौर पर कार्यरत केरल के एन. ओथयोथ कोट्टारन (29 वर्ष) वहां पर 5 जुलाई को मृत मिले थे, जबकि तमिलनाडु निवासी कामाची कृष्णन (39 वर्ष) की मौत वहीं पर 7 जुलाई को हुई थी। कोट्टारन का परिवार शुक्रवार को एयर इंडिया की फ्लाइट से आया उसका शव लेने वायनाड़ से वहां पहुंचे थे, लेकिन ताबूत में कृष्णन का शव मिलने पर वे सदमे में आ गए।
कृष्णन के शव को वायनाड़ के सरकारी अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि शव के बदलने में एयरलाइंस की गलती थी या दुबई के प्रशासन की गलती से ये हो गया।
कृष्णन का शव जाना था एतिहाद एयरलाइंस से
रिपोर्ट के अनुसार, कोट्टरन का शव एयरइंडिया की फ्लाइट से कालीकट आना था, जबकि कृष्णन का शव शुक्रवार को ही एतिहाद एयरलाइंस की फ्लाइट से चेन्नई भेजा जाना था। एयर इंडिया के अबू धाबी में मैनेजर रंजन दत्ता के अनुसार, दुबई एयरपोर्ट पर जब ताबूत को उनकी टीम के हवाले करते समय कोट्टारन से जुड़े सभी कागजात भी दिए गए थे। मृतक का एक रिश्तेदार भी ताबूत के साथ था।
किसी मानवीय गलती के कारण ये ताबूत आपस में बदले गए। उन्होंने कहा, हम जल्द से जल्द कोट्टरम के शव को स्वदेश लाने में पूरा सहयोग करेंगे। उधर, भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने भी दोनों पीड़ित परिवारों की इस मामले में हर संभव मदद करने की बात कही है।