सऊदी अरब ने पर्यटन को बढाने के लिए महत्वाकांक्षी विकास योजनाओं का ऐलान किया है। इनमें लाल सागर पर एक लग्जरी रिजॉर्ट बनाए जाना भी शामिल है। ट्विटर यूजर्स ने सऊदी सरकार की इस खबर पर प्रतिक्रिया देते हुए कयास लगाए कि क्या टूरिज्म बढाने के लिए ड्रेस कोड में ढिलाई बरती जाएगी।
एक ट्विटर यूजर @WaelEssam77 वईल एस्साम कहते हैं, अब हमें बिकनी पर सऊदी मौलनाओं के फतवों का इंतजार करना चाहिए। एक अन्य ट्विटर यूजर @nora1373 नोरा कहते हैं, देश की कमाई में तेल, उमराह और हज के अलावा टूरिज्म का खास योगदान है और सऊदी नागरिकों ने लंबे समय तक ऐसी परियोजना का इंतजार किया है और ये पर्यटन बढाने का अच्छा जरिया होगा।
मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि इस बीच पर महिलाओं को बिकनी पहनने की इजाजत होगी। परियोजना के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर जारी सूचना के मुताबिक, इस रिजॉर्ट पर विदेशी पर्यटकों को बिना परमिट के आने की इजाजत होगी। इसके साथ ही इस रिजॉर्ट को 50 द्वीपों को मिलाकर बनाया जाएगा। पब्लिक इनवेस्टमेंट फंड ने इस परियोजना का जिक्र बीती 31 जुलाई को किया था। इस परियोजना पर साल 2019 की तीसरी तिमाही में काम शुरु होगा।