ईरान के असीमन एयरलाइंस का एक यात्री विमान क्रैश हो गया है। रिपोर्ट के अनुसार इसमें 60 यात्री सवार थे। विमान तेहरान के दक्षिण पश्चिम से युसज जा रहा था। उड़ान भरने के बाद ही विमान रडार से गायब हो गया था। रिपोर्ट के अनुसार सेंट्रल ईरान के सेमीरोम के पास दुर्घटनाग्रस्त हुए विमान का मलबा देखा गया है। मौके पर राहत और बचाव दल को भेज दिया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार प्लेन की पहचान एटीआर-72 के तौर पर हुई है, यह जहाज 20 साल पुराना था। दशकों से अंतर्राष्ट्रीय प्रतिबंधों के तहत रहने वाले ईरान में वाणिज्यिक यात्री विमान अब बूढ़े हो गए हैं जिसकी वजह से पिछले कुछ सालों से यहां विमान हादसे बढ़े हैं। साल 2015 में परमाणु समझौता करने के बाद ईरान ने एयरबस और बोइंग विमान खरीदने के लिए डील साइन की थी।
ईरान के असीमन एयरलाइंस के प्रवक्ता ने कहा- प्लेन क्रैश में 66 लोगों की मौत हो गई है। मोहम्मद ताघी तबातबई ने कहा कि प्लेन में 60 यात्री सवार थे जिसमें कि एक बच्चे सहित 6 क्रू मेंबर थे। इस प्लेन का इस्तेमाल छोटी दूरियों के लिए किया जाता था। ईरानी रेड क्रिसेंट का कहना है कि प्लेन जिस क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हुआ है वहां क्रैश के समय काफी धुंध थी। अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।