इस बार हज यात्रा के लिए दुनिया भर से 20 लाख हाजी मक्का पहुंच सकते हैं। इस साल शिया बहुल ईरान के हाजी भी इस यात्रा में शामिल होंगे। बता दें कि ईरान सुन्नी बहुल सऊदी अरब का क्षेत्रीय प्रतिद्वंद्वी रहा है। हज इस्लाम के पांच स्तंभों में से एक है। हर मुसलमान को अपने जीवन में कम से कम एक बार हज यात्रा करनी होती है, यदि वह ऐसा करने में सक्षम हो।
पढे़ं: सऊदी अरब को जवाब देने के लिए कतर ने ईरान के साथ जोड़े संबंध
हज और उमरा मामलों के निदेशक अब्देलमजीद मोहम्मद अल-अफगानी ने बताया कि इस वर्ष हम 20 लाख हज यात्रियों के यहां पहुंचने की उम्मीद कर रहे हैं। ईरान के लोग भी इस साल यात्रा में शरीक हो रहे हैं जो 2015 में मक्का में हुई भगदड़ की वजह से पिछले वर्ष नहीं आए थे। इस घटना में करीब 2,300 लोगों की मौत हो गई थी।
पढ़ें: सऊदी के हज यात्रियों को मक्का ले जाने वाले विमानों को रोकने से कतर का इनकार
दूसरी ओर करीब तीन महीनों से सऊदी अरब और उसके सहयोगी कतर के खिलाफ खड़े हो गए हैं। उन्होंने कतर पर आतंकवाद को बढ़ावा देने के आरोप लगाए हैं। इस कारण बीते पांच जून से कतर का भूमि, समुद्री और हवाई संपर्क बुरी तरह प्रभावित हुआ है, जिससे हज यात्रा पर भी प्रभाव पड़ा है। हालांकि सऊदी ने घोषणा की थी कि वह कतरी हाजियों पर प्रतिबंधों में कुछ हद तक रियायत देगा।