मैक्रों का बयान और ट्रंप की सख्ती, पूरा मामला समझिए
- फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने डावोस में अमेरिका की व्यापार नीतियों पर कड़ा हमला बोला।
- मैक्रों ने कहा कि अमेरिका टैरिफ की धमकी देकर यूरोप को कमजोर और अपने अधीन करने की कोशिश कर रहा है।
- उन्होंने इशारों में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ग्रीनलैंड को लेकर दिए गए बयान पर भी नाराजगी जताई।
- मैक्रों के मुताबिक दुनिया इस समय सुरक्षा, रक्षा और अर्थव्यवस्था- तीनों मोर्चों पर अस्थिरता से गुजर रही है।
- उन्होंने चेतावनी दी कि अगर वैश्विक सहयोग नहीं हुआ तो सहयोग की जगह बेरहम प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी।
- मैक्रों ने कहा कि दुनिया धीरे-धीरे लोकतंत्र से हटकर तानाशाही की ओर बढ़ रही है।
- उन्होंने बताया कि साल 2024 में दुनिया भर में 60 से ज्यादा युद्ध हुए, जो अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है।
- मैक्रों ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कानून कमजोर हो रहा है और अब ताकतवर देशों की मनमानी चल रही है।
- इस बीच डोनाल्ड ट्रंप ने यूरोप के कई देशों पर टैरिफ लगाने की धमकी दी, जिसमें फ्रांस भी शामिल है।
- ट्रंप ने यहां तक कहा कि फ्रांस की वाइन और शैंपेन पर 200 प्रतिशत तक टैरिफ लगाया जा सकता है।
ये भी पढ़ें:- Trump: फिर भारत-PAK तनाव खत्म करने का राग अलापने लगे ट्रंप; नॉर्वे को भी घेरा, कहा- नोबेल मुझे मिलना चाहिए था
अमेरिका की व्यापार नीति पर सवाल
इस दौरान फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने आरोप लगाया कि अमेरिका अपने व्यापार समझौतों के जरिए यूरोप के हितों को नुकसान पहुंचा रहा है, ज्यादा से ज्यादा रियायतें मांग रहा है और लगातार नए टैरिफ थोप रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी नीतियां पूरी तरह से अस्वीकार्य हैं, खासकर तब जब टैरिफ का इस्तेमाल किसी देश की क्षेत्रीय संप्रभुता पर दबाव बनाने के लिए किया जाए।
गौरतलब है कि मैक्रों के बयान ऐसे समय आए हैं, जब अमेरिका ने फ्रांस समेत यूरोप के आठ देशों को चेतावनी दी है कि अगर वे ग्रीनलैंड को बेचने पर सहमत नहीं हुए, तो उन पर भारी टैरिफ लगाए जाएंगे। इतना ही नहीं, ट्रंप ने मीडिया से बातचीत में यह भी कहा कि अगर मैक्रों ने गाजा के लिए बनाए गए 'बोर्ड ऑफ पीस' में शामिल होने से इनकार किया, तो वह फ्रांस से आने वाली वाइन और शैंपेन पर 200% टैरिफ लगा देंगे। ट्रंप ने मैक्रों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि कोई उसे नहीं चाहता, क्योंकि वह बहुत जल्द सत्ता से बाहर होने वाला है।
अन्य वीडियो