Donald Trump On Ballroom Project: व्हाइट हाउस में बन रहे बॉलरूम प्रोजेक्ट को कोर्ट से हरी झंडी मिल गई है। वहीं संघीय जज के इस फैसले पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुशी जाहिर की है। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट लिखकर कहा कि यह दुनिया का सबसे सुंदर बॉलरूम होगा।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक संघीय जज के फैसले का स्वागत किया है। जज ने व्हाइट हाउस में बन रहे नए बॉलरूम (विशाल हॉल) के निर्माण पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। इस फैसले के बाद ट्रंप ने इसे 'अमेरिका के लिए शानदार खबर' बताया।
संरक्षण समूहों की मांग जज ने की खारिज
यह मामला तब शुरू हुआ जब कुछ संरक्षण समूहों ने अदालत में याचिका दायर की। उनका कहना था कि व्हाइट हाउस में इतना बड़ा निर्माण करने से पहले कांग्रेस की मंजूरी, स्वतंत्र समीक्षा और आम जनता से राय लेने जैसी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी नहीं की गईं। उन्होंने अदालत से निर्माण कार्य रोकने की मांग की थी। लेकिन जज ने उनकी मांग खारिज कर दी।
विज्ञापन
जज के फैसले के बाद गदगद दिखे ट्रंप
फैसले के बाद ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट लिखकर कहा कि यह दुनिया का सबसे सुंदर बॉलरूम होगा। उन्होंने साफ कहा कि इस प्रोजेक्ट में एक भी डॉलर टैक्सपेयर्स का पैसा नहीं लग रहा है। उनके मुताबिक पूरा खर्च 'देशभक्त दानदाताओं' और निजी योगदान से उठाया जा रहा है।
क्या है व्हाइट हाउस का बॉलरूम प्रोजेक्ट?
यह बॉलरूम करीब 90,000 वर्ग फुट का होगा। इसका उपयोग भविष्य में शपथ ग्रहण समारोह, बड़े स्टेट विजिट, राजकीय भोज और बड़े कार्यक्रमों के लिए किया जाएगा। रिपोर्ट्स के अनुसार यह प्रोजेक्ट 2028 तक पूरा होने की उम्मीद है।
निजी दान से आ रहा पूरा पैसा- ट्रंप प्रशासन
इस निर्माण के लिए पहले अनुमानित लागत 200 मिलियन डॉलर (₹1,820 करोड़) बताई गई थी, लेकिन अब यह बढ़कर लगभग 300 मिलियन डॉलर (₹2,730 करोड़) हो गई है। प्रशासन का कहना है कि पूरा पैसा निजी दान से आ रहा है, जबकि आलोचकों का कहना है कि इतनी बड़ी संरचना व्हाइट हाउस की ऐतिहासिक पहचान को बदल देगी। अगर यह प्रोजेक्ट पूरा हो जाता है, तो यह ट्रंप के कार्यकाल में व्हाइट हाउस में किया गया सबसे बड़ा भौतिक बदलाव माना जाएगा।