इस्राइल ईरान संघर्ष विराम को लेकर यूरोपीय संघ (EU) की उपाध्यक्ष काजा कैलास ने खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि यह अच्छी खबर है, लेकिन हालात नाजुक हैं। उम्मीद है कि सभी पक्ष अब बातचीत की मेज पर लौटेंगे। एक्स पर एक पोस्ट में यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख ने क्षेत्र में संघर्ष में शामिल सभी पक्षों से आगे की हिंसा से बचने और तनाव बढ़ाने से बचने की अपील की।
उन्होंने कहा कि इस्राइल और ईरान के बीच लड़ाई में घोषित संघर्ष विराम अच्छी खबर है, लेकिन स्थिति नाजुक बनी हुई है। सभी पक्षों को इस पर खड़े रहना चाहिए और आगे की हिंसा से बचना चाहिए। यूरोपीय संघ कतर सहित सभी प्रभावित लोगों के साथ एकजुटता में खड़ा है। यह बातचीत की मेज पर लौटने का क्षण है। इसे पूरे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ बनने दें। मैं सभी पक्षों के साथ इस दिशा में काम करना जारी रखूंगी।
ये भी पढ़ें: अमेरिकी हमले में बच गया ईरान का परमाणु कार्यक्रम, खुफिया विभाग की रिपोर्ट को ट्रंप ने बताया झूठा
13 जून को इस्राइल ने ईरानी परमाणु ठिकानों पर किए थे हमले
इस्राइल और ईरान के बीच संघर्ष 13 जून को शुरू हुआ था, जब इस्राइल ने 'ऑपरेशन राइजिंग लॉयन' शुरू करके ईरान की परमाणु और सैन्य सुविधाओं पर बड़ा हवाई हमला किया। इसके जवाब में ईरान ने 'ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 3' शुरू किया और इस्राइल ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमला किया। फिर अमेरिका ने भी दोनों के युद्ध में एंट्री ली और ईरान के तीन परमाणु ठिकानों- फोर्डो, नतांज और इस्फहान पर सटीक हमले किए।
ट्रंप की युद्धविराम की घोषणा के बाद इस्राइल ने फिर किया हमला
मंगलवार (भारतीय समयानुसार) को ट्रंप ने ईरान और इस्राइल के बीच युद्धविराम समझौते की घोषणा की। यह तब हुआ जब ईरान ने अमेरिकी हमलों के जवाब में कतर और ईरान में मौजूद अमेरिकी सैन्य अड्डों पर हमला किया था। हालांकि, ट्रंप की घोषणा के कुछ देर बाद ही इस्राइली वायु सेना (IAF) ने तेहरान के उत्तर में एक ईरानी रडार ठिकाने पर हमला किया, जिसके बाद ईरान ने इस्राइल पर दो बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं।
ये भी पढ़ें: ईरान, इस्राइल, अमेरिका के लिए चेहरा बचाने का मौका; जंग रुकने से अब तीनों कर सकेंगे जीत के दावे
युद्धविराम तोड़ने पर ट्रंप ने जताई नाराजगी
दोनों देशों द्वारा युद्धविराम तोड़ने पर डोनाल्ड ट्रंप ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि दोनों देश इतने लंबे समय से लड़ रहे हैं कि अब उन्हें खुद नहीं पता कि वे क्या कर रहे हैं। इसके तुरंत बाद, इस्राइली प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान जारी किया, जिसमें बताया गया कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और पीएम बेंजामिन नेतन्याहू के बीच बातचीत के बाद इस्राइल ने ईरान पर आगे हमला नहीं किया।