उत्तरी जर्मनी के श्टाडे शहर में सोमवार को हुई गोलीबारी की घटना में पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि इस घटना के संबंध में एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि उत्तरी जर्मनी के एक युवा कल्याण केंद्र में सोमवार को गोलीबारी की घटना सामने आई थी।
पुलिस के मुताबिक, श्टाडे शहर में हुई इस गोलीबारी में चार महिलाओं और एक पुरुष सहित पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एक अन्य वयस्क ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
युवा कल्याण केंद्र में हुई गोलीबारी
जर्मन समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार, इस घटना में कई लोग घायल भी हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने घायलों की संख्या या उनकी पहचान के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। पुलिस ने बताया कि गोलीबारी डैंकर्सस्ट्रासे स्थित एक युवा कल्याण केंद्र में हुई। यह सड़क शहर के केंद्र के दक्षिण में स्थित है। इस केंद्र में गर्भवती महिलाओं और छोटे बच्चों के साथ रहने वाली युवा माताओं के लिए अस्थायी आवास की व्यवस्था है।
पुलिस ने बताया कि मामले के मुख्य संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके अलावा दो अन्य लोगों को भी घटना में कथित संलिप्तता के संदेह में पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हालांकि, पुलिस ने इस बारे में अधिक जानकारी नहीं दी।
गोलीबारी मामले की जांच जारी
घटना के बाद सामने आए वीडियो में इलाके में भारी पुलिस बल, अन्य आपातकालीन सेवाओं के कर्मचारी और कई एंबुलेंस एक रिहायशी सड़क पर तैनात दिखाई दिए। पुलिस ने कहा कि गोलीबारी की वजह और घटना की पूरी परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
जर्मनी में हथियार संबंधी कानून अमेरिका की तुलना में काफी सख्त हैं। वहां सामूहिक गोलीबारी की घटनाएं कम होती हैं, लेकिन पूरी तरह असामान्य भी नहीं हैं। घटनास्थल के सामने रहने वाले विताली मर्टेंस ने बताया, "मैंने गोलियों की आवाज सुनी और उसके तुरंत बाद पूरे इलाके को घेर लिया गया।" स्टेडे शहर की आबादी करीब 50,000 है। यह शहर हैम्बर्ग से लगभग 40 किलोमीटर (25 मील) दूर स्थित है।
पुलिस ने बताया कि शहर के केंद्र से बाहर एक इलाके में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। ल्यूनेबर्ग पुलिस मुख्यालय ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट जारी कर लोगों से इलाके से दूर रहने की अपील की। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर बचाव और सुरक्षा अभियान जारी है। फिलहाल गोलीबारी के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और मामले की जांच जारी है।