ईरान के उत्तरी हिस्से में एक कोयला खदान में गैस रिसाव से सात श्रमिकों की मौत हो गई। जान गंवाने वालों में तीन अफगानी थे। समाचार एजेंसी पीटीआई ने आधिकारिक इरना समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के हवाले से बताया कि राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं। हादसा सोमवार दोपहर राजधानी तेहरान से लगभग 270 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में दमघन शहर के पास हुआ।
रिपोर्ट में कहा गया कि सुरक्षा उपायों की अनदेखी की वजह से ऐसा भीषण हादसा हुआ होगा। ईरान में हर साल औद्योगिक दुर्घटनाओं में कथित तौर पर लगभग 700 श्रमिकों की मौत होती है। पिछले हफ्ते देश के उत्तर-पश्चिम में एक लौह अयस्क खदान ढह गई थी, जिसमें एक श्रमिक की मौत हो गई थी। सितंबर में पूर्वी ईरान में एक कोयला खदान में विस्फोट से दर्जनों श्रमिक मारे गए थे।