खान के दोस्तों ने बुधवार को एक बयान जारी कर कहा, हम, जुल्फीकार के दोस्त, मानते हैं कि वह (जुल्फिकार खान) जीवित है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी से आग्रह करते हैं कि वह एक जांच दल गठित करें।
केन्या से लापता हुए भारतीय जुल्फीकार अहमद खान के दोस्तों ने उन खबरों को खारिज किया है, जिनमें दावा किया जा रहा था कि खान को केन्या की डीसीआई यूनिट द्वारा मार डाला गया है। खान के दोस्तों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से केन्याई सरकार के साथ समन्वय में जांच शुरू करने की अपील की है।
विज्ञापन
उन्होंने बुधवार को एक बयान जारी कर कहा, हम, जुल्फीकार के दोस्त, मानते हैं कि वह (जुल्फिकार खान) जीवित है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी से आग्रह करते हैं कि वह एक जांच दल गठित करें और केन्याई सरकार की मदद से तुरंत जांच शुरू करें, ताकि उसे ढूंढ निकाला जा सके।
केन्या में हाल ही में खान सहित दो भारतीय लापता हो गए थे। भारत सरकार ने अपहरण की परिस्थितियों और बाद में मामले में उचित जानकारी न उपलब्ध करा पाने को चिंताजनक करार दिया था।
विज्ञापन
देश के विदेश मंत्रालय (एमईए) ने कहा था, केन्या में भारतीय उच्चायुक्त नामग्या खंपा ने वहां के राष्ट्रपति विलियम रुटो से मुलाकात की थी और उनसे मामले की जांच में तेजी लाने का अनुरोध किया था।
पिछले सप्ताह केन्याई राष्ट्रपति रुटो के एक करीबी सहयोगी ने दावा किया था कि लापता दो भारतीयों मोहम्मद जैद सामी किदवई और जुल्फीकार अहमद खान को डीसीआई यूनिट द्वारा मार डाला गया है। हालांकि, केन्याई सरकार ने खबर पर आधिकारित तौर पर कुछ नहीं कहा है।