क्लिंट ईस्टवुड की आगामी फिल्म रिचर्ड ज्वेल ने पिछले कुछ दिनों से दिवंगत पत्रकार कैथी स्क्रैग्स के जीवन के चित्रण को लेकर सुर्खियां बटोर रही है। फिल्म में अटलांटा-जर्नल संविधान की रिपोर्टर कैथी स्क्रैग्स को गोपनीय जानकारी के लिए अपने सूत्रों के साथ बिस्तर पर रात बिताते हुए दिखाया गया है।
अब इस फिल्म की कहानी पर फॉक्स न्यूज के होस्ट जेसी वॉटर्स ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उनका कहना है यह फिल्मों और टेलीविजन शो का हिस्सा ही नहीं है, बल्कि वास्तविक जीवन में होने वाली एक आम बात है।
उन्होंने महिला पत्रकार अली वाटकिंस का उदाहरण देते हुए कहा कि वाटकिंस गोपनीय जानकारी के लिए अपने सूत्रों के साथ रात बिताती हैं और बाद में इन जानकारियों का खुलासा कर सुर्खियां बटोरती हैं।
बता दें कि वॉटर्स की विवादित टिप्पणियों को लेकर कई बार उनके शो को सेंसर भी किया गया है। बहरहाल ताजा मामले में अमेरिकी टेलीविजन होस्ट एसई कप्प ने ट्विटर पर एक पोस्ट में वाटर्स पर जमकर भड़ास भी निकाली है। उन्होंने लिखा कि 'यह वास्तव में घृणित, आधारहीन आरोप है और फॉक्स को अपनी महिला पत्रकारों पर गंभीर आरोप लगाने के लिए वॉटर्स की निंदा करनी चाहिए।
वॉटर्स के को-होस्ट जुआन विलियम्स ने भी उनकी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता कि सभी महिला पत्रकारों पर उंगली उठाना सही है। हालांकि इससे पहले कि जुआन अपनी बातें पूरा करते बीच में वॉटर्स ने टोकते हुए कहा कि मैं सभी महिला पत्रकारों के बारे में नहीं कह रहा।
उन्होंने कहा कि मेरे विचार से पुरुष पत्रकार भी ऐसा करते होंगे। मैंने बस कहा कि ऐसा होता है और यह अतीत में कई बार होते आया है। हालांकि द वाशिंगटन पोस्ट की खबरों के अनुसार स्क्रैग्स के अपने सूत्रों के साथ यौन संबंधों के कोई सबूत नहीं मिले हैं।