पाकिस्तान के बलूचिस्तान से अक्सर आतंकी घटनाओं की खबरें सामने आती रहती हैं। वहीं अब अशांत बलूचिस्तान में हथियारों से लैस आतंकवादियों ने सेना की चौकी पर हमला कर दिया जिसमें चार सैनिक मारे गए और पांच अन्य घायल हो गए। हमला बुधवार तड़के हुआ जिसमें कई जवान मारे गए। पाकिस्तानी सेना ने अपने बयान में कहा कि आतंकवादियों के एक समूह ने प्रांत के उत्तर में झोब गैरीसन पर कायरतापूर्ण हमला किया जिसमें हमारे सैनिक मारे गए।
तहरीक-ए-जिहाद पाकिस्तान ने हमले की जिम्मेदारी ली
बयान में कहा गया है कि भीषण गोलीबारी में एक महिला राहगीर की भी मौत हो गई और पांच अन्य नागरिक घायल हो गए। तहरीक-ए-जिहाद पाकिस्तान ने बिना कोई अपना विवरण दिए हमले की जिम्मेदारी ली है, इस समूह के बारे में जानकारी प्राप्त की जा रही है। अधिकारी ने कहा कि आतंकवादी जब क्षेत्र में घुसने की कोशिश कर रहे थे तो उनका मुकाबला ड्यूटी पर तैनात सैनिकों से हुआ। जवानों ने भारी गोलीबारी के बीच आतंकवादियों को सीमा पर रोक दिया।
बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री मीर अब्दुल ने हमले की निंदा की
बयान में कहा गया है कि आतंकवादियों को पकड़ने के लिए सुरक्षा बलों द्वारा एक सफाया अभियान चल रहा है और सुरक्षा बल बलूचिस्तान में ऐसे सभी शांति को नष्ट करने के भयानक प्रयासों को विफल करने के लिए दृढ़ हैं। बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री मीर अब्दुल कुदूस बिजेंजो ने जोब गैरीसन पर हमले की निंदा की और हमले में मारे गए पाकिस्तानी सेना के जवानों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि पाकिस्तान सेना क्षेत्र में शांति और सुरक्षा की गारंटर है।
बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा प्रांतों में रोज हो रहे आतंकी हमले
पाकिस्तान को बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा प्रांतों में प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान और बलूच अलगाववादियों के हमलों का सामना करना पड़ रहा है। बलूचिस्तान प्रांत में हाल के महीनों में बमबारी और लक्षित हमलों सहित हिंसक घटनाओं में वृद्धि हुई है, जिसके कारण सुरक्षा उपाय बढ़ा दिए गए हैं और सार्वजनिक सुरक्षा संबंधी चिंताएँ बढ़ गई हैं। इस महीने की शुरुआत में बलूचिस्तान के धाना सार इलाके में विद्रोहियों के हमले में चार सुरक्षाकर्मियों की जान चली गई थी जबकि एक आतंकवादी मारा गया था।