उत्तरी इटली के मैगीगोर झील में एक पर्यटकों से भरी नाव पलटने से चार लोगों की मौत हो गई है। बचाव दल के अनुसार, घंटों चले ऑपरेशन के बाद करीब बीस लोगों को बचा लिया गया। यह नाव 24 लोगों को लेकर जा रही थी।
झील से रविवार को मृतकों के शव बरामद किए गए। अग्निशमन विभाग विजिली डेल फूको के एक ट्वीट के अनुसार, झील से आखिरी शव सोमवार सुबह बरामद किया गया। तूफान की वजह से नाव पलट गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नाव 24 लोगों को लेकर जा रही थी। दमकल और बचाव विभाग के अनुसार, रेस्क्यू अभियान के दौरान 20 लोगों को बचा लिया गया। झील में नाव पलटने के बाद मौके पर बचाव के लिए गोताखोरों को लगाया गया और एक हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल किया गया। फिलहाल जलमग्न नाव को बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। इटली और स्विट्जरलैंड सीमा के ठीक दक्षिण में स्थित यह इटली की दूसरी सबसे बड़ी झील है।
उत्तर कोरिया ने जापान को दी सूचना, शीघ्र छोड़ेगा उपग्रह
उत्तर कोरिया ने सोमवार को पड़ोसी देश जापान को सूचित किया कि उसकी योजना आगामी दिनों में उपग्रह प्रक्षेपित करने की है। प्योंगयांग के इस सैन्य टोही उपग्रह को कक्षा में स्थापित करने का पहला प्रयास हो सकता है। उत्तर कोरिया के जलमार्ग अधिकारियों से मिले नोटिस में कहा गया कि प्रक्षेपण 31 मई से 11 जून के बीच किया जा सकता है। प्रक्षेपण से यलो सागर, पूर्वी चीन सागर और फिलीपींस के लुजोन द्वीप के पूर्व में समुद्री क्षेत्र प्रभावित हो सकता है।
प्लास्टिक प्रदूषण खत्म करने की संधि पर नहीं बनी सहमति
संयुक्त राष्ट्र की एक समिति ने वैश्विक स्तर पर प्लास्टिक प्रदूषण को खत्म करने के उद्देश्य से संधि तैयार करने के लिए सोमवार को फ्रांस की राजधानी पेरिस में बैठक की। हालांकि, संधि के स्वरूप को लेकर सहमति नहीं बन पाई। द इंटर गवर्नमेंटल नेगोशिएटिंग कमेटी फॉर प्लास्टिक को समुद्री पर्यावरण सहित अन्य क्षेत्रों में प्लास्टिक प्रदूषण के खात्मे के लिए पहली अंतरराष्ट्रीय व कानूनी रूप से बाध्यकारी संधि तैयार करने का जिम्मा सौंपा गया है। समिति ने 2024 के अंत तक संधि पर वार्ता पूरी करने के लिए होने वाली पांच बैठकों में से सोमवार को दूसरी बैठक की।
ब्रिटेन में ही रहेगी टीपू की दुर्लभ स्पोर्टिंग गन, निर्यात रोका
मैसूर के शासक टीपू सुल्तान की करीब 20 लाख पाउंड की भारत में बनी 18वीं सदी की एक दुर्लभ बंदूक का ब्रिटेन से निर्यात रोक दिया गया है। ताकि ब्रिटेन के संस्थान को भारत-ब्रिटेन इतिहास में संघर्ष काल के सार्वजनिक अध्ययन के लिए समय न दिया जा सके। ब्रिेटिश कला-विरासत मंत्री लॉर्ड स्टीफन पार्किंसन ने कला-वस्तु निर्यात पर समीक्षा समिति की सलाह के बाद यह फैसला लिया।
अमेरिकी सैन्य अधिकारी के अवशेष 58 साल बाद भारत से भेजे जाएंगे
पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में मृत्यु के करीब छह दशक बाद अमेरिकी सैन्य अधिकारी मेजर जनरल हैनरी क्लेनबैक पिकैट के अवशेषों को इसी महीने अमेरिका भेजा जा रहा है। कोलकाता स्थित अमेरिका के वाणिज्य दूतावास ने सोमवार को बताया, मेजर जनरल पिकैट ने प्रथम और द्वितीय विश्व युद्ध में हिस्सा लिया था। 1965 में दार्जिलिंग यात्रा के दौरान उनकी मौत हो गई थी, जिनके शव को वहीं के एक कब्रिस्तान में दफना दिया गया था। अधिकारी के अवशेषों को अर्लिंगटन स्थित राष्ट्रीय कब्रिस्तान में दफनाया जाएगा।
ज्ञान-कौशल विकास पर भारत व सिंगापुर के बीच सहमति
भारत और सिंगापुर द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी के लिए आजीवन सीखने की कला, भविष्योन्मुख कार्यबल निर्माण और ज्ञान व कौशल विकास को मुख्य स्तंभ बनाने पर सहमत हुए हैं। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान दोनों देशों के बीच वर्तमान संबंधों को और मजबूत करने और शिक्षा व कौशल विकास के क्षेत्र में द्विपक्षीय संबंधों को और व्यापक करने की संभावना तलाशने के लिए सिंगापुर की तीन दिनों की यात्रा पर पहुंचे हैं। प्रधान ने सोमवार को सिंगापुर के उपप्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने भारत और सिंगापुर के बीच सहयोग को प्रगाढ़ करने, कौशल विकास के साथ-साथ तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा के क्षेत्र में द्विपक्षीय संबंध बढ़ाने पर बात की।