अमेरिका के वॉशिंगटन स्थित नेशनल कैथेड्रल में पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज एच डब्ल्यू बुश की स्मृति सभा के दौरान एक वक्त ऐसा आया जब वहां मौजूद लोग अपनी हंसी रोक नहीं सके। स्मृति सभा में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, उनकी पत्नी मेलेनिया, पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा, उनकी पत्नी मिशेल, बिल क्लिंटन, उनकी पत्नी हिलेरी क्लिंटन, जिम्मी कार्टर और जूनियर बुश सहित कई हस्तियां मौजूद थीं।
इस दौरान सभा में एक-एक कर जॉर्ज एचडब्ल्यू बुश के करीबी रहे नेता और दोस्त उनके साथ बिताए पल को याद कर रहे थे कि तभी पूर्व सीनेटर एलन सिंपसन ने भी उनसे जुड़े किस्से सुनाए। सिंपसन ने कहा कि बुश काफी मजाकिया थे और उन्हें चुटकुले काफी पसंद थे। सिंपसन ने बताया कि वह अचानक खुद पर भी जोक सुनाना शुरू कर देते थे, लेकिन उसकी पंचलाइन भूल जाते थे। सिंपसन जब बुश की यह बाते बता रहे थे, उनकी बातें सुनकर हॉल में मौजूद लोग हंसने लगे। सिंपसन अपनी बात 11 मिनटों तक सुनाते रहे।
कार्यक्रम में बुश के बेटेजे डब्ल्यू बुश ने पिता को याद करते हुए कहा कि उन्होंने नेतृत्व का सबक पिता से सीखा। उन्होंने बताया कि जब वह राष्ट्रपति बने तो किस तरह से पिता ने राष्ट्रपति पद की जिम्मेदारियां समझाई। यही नहीं उन्होंने मुझे बताया कि इस पद की गरिमा बनाए रखने की सीख दी। इतिहास में जॉर्ज एचडब्ल्यू बुश को अमेरिका का ग्रेट प्रेसीडेंट लिखा जाएगा। भाषण के दौरान जूनियर बुश अपने आंसू नहीं रोक पाए। पिता को याद करते हुए कहा, आपकी गंभीरता, आपका दयालु हृदय हमारे साथ हमेशा यादगार बनकर रहेगा। यह पहला मौका था जब डोनाल्ड ट्रम्प चार पूर्व राष्ट्रपतियों के साथ एक स्थान पर मौजूद थे। सीनियर बुश का 30 नवंबर को 94 साल की उम्र में निधन हो गया था।