अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक और कार्यकाल के लिए 2024 में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव की दौड़ में शामिल हैं। इस बीच एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अगर उन्हें रिपब्लिकन पार्टी से 2024 के चुनाव के लिए नामांकन भरने का मौका मिलता है तो वह उपराष्ट्रपति पद के लिए एक महिला उम्मीदवार को अपने सहयोगी के रूप में शामिल करना चाहेंगे। गौरतलब है कि डोनाल्ड ट्रंप का अपने पूर्व उपराष्ट्रपति माइक पेंस के साथ मतभेद रहा है, दोनों एक-दूसरे पर कई बार मौखिक हमले कर चुके हैं।
इस बीच, साउथ डकोटा की गवर्नर क्रिस्टी नोएम को 2019 से गवर्नर के रूप में उनके प्रशासनिक अनुभव के कारण आम मतदाताओं के लिए सबसे आकर्षक माना जा रहा है। उन्होंने पिछले कुछ वर्षों में कई दक्षिणपंथी उपायों के पीछे अपनी जोर आजमाइश की है।
डोनाल्ड ट्रंप को महिला सहयोगी क्यों चाहिए?
इन सबके बीच बड़ा सवाल यह है कि ट्रंप को आखिर महिला सहयोगी की जरूरत क्यों पड़ी? ट्रंप का लक्ष्य उपराष्ट्रपति पद के लिए एक महिला सहयोगी चुनकर अनिर्णीत युवा महिला मतदाताओं के बीच अपनी वोट बैंक में सुधार करना है। 2020 में महिला मतदाताओं के बीच उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था, उस दौरान महिलाओं का जितना समर्थन जो बाइडन ने जुटाया था, ट्रंप उससे काफी पीछे थे।
बताया जा रहा है कि इस बार महिला मतदाताओं के बीच ट्रंप का समर्थन पिछले साल के 39 प्रतिशत के मुकाबले 44 प्रतिशत है और वह बाइडन से आगे बने हुए हैं। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि उपराष्ट्रपति पद के लिए एक महिला सहयोगी युवा महिलाओं के बीच उनकी लोकप्रियता को और बढ़ा सकती है।
रिपब्लिकन पार्टी के लिए जनमत सर्वेक्षण करने वाले फ्रैंक लंट्ज (Frank Luntz) ने मीडिया को बताया कि यह निर्णय महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि वैसे तो उपराष्ट्रपति आमतौर पर ज्यादा मायने नहीं रखता, लेकिन जब राष्ट्रपति 80 वर्ष का होने वाला हो, तो यह विकल्प अधिक महत्वपूर्ण हो जाता है।