US Former President Donald Trump
- फोटो : ANI
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से गुरुवार को उनकी कंपनी के कारोबार से जुड़ी गतिविधियों को लेकर न्यूयॉर्क की अटॉर्नी जनरल के कार्यालय ने करीब सात घंटे तक सवाल-जवाब किए। इस मामले में ट्रंप की यह दूसरी गवाही है। उन्होंने अटॉर्नी जनरल लेतीतिया जेम्स के वकीलों से मुलाकात की।
लेतीतिया ने पूर्व राष्ट्रपति के खिलाफ पिछले साल वाद दायर किया था। अटॉर्नी जनरल के वाद में दावा किया गया कि ट्रंप व उनके परिवार ने अपनी नेटवर्थ संपत्ति के बारे में झूठी सूचना देकर बैंकों को गुमराह किया है। यह वाद मैनहट्टन जिला अटॉर्नी के आरोपों से अलग है। न्यूयॉर्क की अटॉर्नी जनरल लेतीतिया ने ट्रंप, उनके पारिवारिक व्यवसाय और उनके तीन बच्चों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया था। यह मुकदमा सितंबर में दायर किया गया था और इस साल के अंत में ट्रायल होना है।
इस मामले से परिचित एक व्यक्ति ने कहा डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को सवालों के जवाब दिए। सवाल और जवाब तुरंत सार्वजनिक नहीं किए जाएंगे। ट्रंप स्थानीय समयानुसार गुरुवार सुबह करीब 10 बजे मैनहैटन में जेम्स के कार्यालय पहुंचे और शाम 6.30 बजे के तुरंत बाद फिफ्थ एवेन्यू स्थित ट्रंप टॉवर लौट आए। अपनी गवाही से पहले उन्होंने सोशल मीडिया साइट ट्रुथ सोशल पर लिखा कि यह दीवानी मामला हास्यास्पद है, ठीक वैसे ही जैसे अन्य सभी चुनाव हस्तक्षेप के मामले मेरे खिलाफ लाए जा रहे हैं।