ब्रिटेन में चल रहे राजनीतिक संकट के बीच ब्रिटेन के पूर्व पीएम बोरिस जॉनसन ने अहम घोषणा की है। उन्होंने पीएम पद की दौड़ से खुद को अलग कर लिया है। उनका कहना है कि वह टोरी (कंजर्वेटिव पार्टी) नेतृत्व की दौड़ में नहीं शामिल होंगे। यूके मीडिया के हवाले से ये खबर सामने आई है।
ऋषि सुनक ने रविवार को औपचारिक रूप से ब्रिटेन के प्रधानमंत्री पद की दौड़ में शामिल होने का एलान किया। उन्होंने पीएम पद की दावेदारी पेश करने की घोषणा करते हुए कहा कि वह अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने और देश के लिए काम करना चाहते हैं। इस बीच ब्रिटेन के हाल ही में इस्तीफा देने वाली गृह सचिव भारतीय मूल की सुएला ब्रेवरमैन ने भी रविवार को ऋषि सुनक का समर्थन करने का एलान किया है।
सुनक ने पेश की पीएम पद की दावेदारी
भारतीय मूल के पूर्व चांसलर ऋषि सुनक ने रविवार को औपचारिक रूप से कंजरवेटिव पार्टी के नेतृत्व का चुनाव लड़ने के लिए अपनी उम्मीदवारी की घोषणा की। 42 वर्षीय सुनक स्पष्ट रूप से रेस में सबसे आगे हैं, क्योंकि वह संसद के कम से कम 128 सदस्यों के समर्थन के साथ आगे बढ़ रहे हैं। उनके पूर्व बॉस बोरिस जॉनसन के वफादारों ने भी दावा किया था कि शॉर्टलिस्ट में जगह बनाने के लिए उनके पास आवश्यक 100 सांसद हैं।
सुनक ने ट्वीट किया कि यूनाइटेड किंगडम एक महान देश है। इस वक्त हम एक गहरे आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं, इसलिए मैं कंजरवेटिव पार्टी का नेता और आपका अगला प्रधानमंत्री बनने के लिए खड़ा हूं। मैं अर्थव्यवस्था को ठीक करना चाहता हूं, अपनी पार्टी को एकजुट करना चाहता हूं। अपने देश के लिए काम करना चाहता हूं।
उन्होंने कहा कि अब हम जिन चुनौतियों का सामना कर रहे हैं, वे और भी बड़ी हैं। अगर हम सही चुनाव करते हैं तो अवसर अभूतपूर्व हैं। मेरे पास अच्छा काम करने का ट्रैक रिकॉर्ड है, हमारे सामने सबसे बड़ी समस्याओं को ठीक करने की एक स्पष्ट योजना है और मैं 2019 के घोषणापत्र के वादे को पूरा करूंगा।
उन्होंने ट्वीट किया कि मेरे नेतृत्व वाली सरकार के हर स्तर पर ईमानदारी, व्यावसायिकता और जवाबदेही होगी और मैं दिन-रात काम करूंगा। उन्होंने कहा कि मैं आपसे हमारी समस्याओं को ठीक करने में मदद करने का अवसर मांग रहा हूं। दरअसल, कंजरवेटिव पार्टी में अपने नेतृत्व के खिलाफ विरोध के बाद प्रधानमंत्री ट्रस ने गुरुवार को अपने इस्तीफे की घोषणा की थी।