बीमार चल रहे पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ मंगलवार को कोट लखपत जेल लाहौर लौट जाएंगे। अजीजिया मिल्स भ्रष्टाचार मामले में सुनायी गयी सात साल की कैद की सजा की बाकी अवधि को पूरा करने के लिए शरीफ मंगलवार को यहां जेल में लौटेंगे। शरीफ (69) को इलाज कराने के लिए 26 मार्च को अदालत ने छह हफ्ते की अंतरिम जमानत दी थी।
शरीफ ने यह कहते हुए स्थायी जमानत के लिए 27 अप्रैल को अर्जी लगायी थी कि वह बेचैनी और अवसाद में हैं जिससे उनकी ‘आकस्मिक मौत’ हो सकती है। उनकी अंतरिम जमानत सात मई को खत्म हो रही है। शीर्ष अदालत ने इलाज के लिए ब्रिटेन जाने की अनुमति संबंधी उनकी पुनर्विचार याचिका खारिज कर दी है।