ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक
- फोटो : अमर उजाला
ब्रिटेन में ऋषि सुनक सरकार में कैबिनेट मंत्री जैक गोल्डस्मिथ ने अपने पद से इस्तीपा दे दिया है। गोल्डस्मिथ पर्यावरण मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार का रवैया जलवायु मुद्दों के प्रति काफी उदासीन भरा है, पीएम ऋषि सुनक को पर्यावरण में कोई दिलचस्पी नहीं है। गोल्डस्मिथ को पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन का करीबी माना जाता है।
उन्होंने अपना त्यागपत्र सोशल मीडिया पर जारी किया और लिखा है कि हमारे सामने आई सबसे बड़ी चुनौती के सम्मुख इस सरकार की उदासीनता के कारण वर्तमान भूमिका को जारी रखने में मैं असमर्थ हूं। उन्होंने कहा कि स्पष्ट रूप से ब्रिटेन ने विश्व मंच से कदम खींच लिए हैं और जलवायु और प्रकृति पर अपना नेतृत्व वापस ले लिया। गोल्डस्मिथ, सुनक और जॉनसन, तीनों ही सत्ताधारी कंजर्वेटिव पार्टी के सदस्य हैं।
जॉनसन ने अपने इस्तीफे से एक साल पहले अपने करीबी गोल्डस्मिथ को संसद के उच्च सदन हाउस ऑफ लॉर्ड्स में नियुक्त किया था। गोल्डस्मिथ का इस्तीफा उस घटना के एक दिन बाद आया जिसमें पूर्व प्रधानमंत्री के गोल्डस्मिथ समेत आठ सहयोगियों की सांसदों ने उस समिति को कमतर करने की कोशिश के लिए आलोचना की थी, जो यह जांच कर रही थी कि क्या जॉनसन ने कोविड-19 महामारी के दौरान नियम तोड़ने की गई सरकारी पार्टियों को लेकर संसद में झूठ बोला था।
विशेषाधिकार समिति ने पाया कि जॉनसन ने सांसदों को गुमराह किया और संसद से उनके 90 दिनों के निलंबन की सिफारिश की। हालांकि, समिति द्वारा अपने निष्कर्षों की अग्रिम सूचना दिए जाने के बाद जॉनसन ने संसद सदस्यता से इस्तीफा देकर खुद को अपमानित होने से बचा लिया।