बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की तबीयत दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है। उनके निजी डॉक्टर ने बताया है कि उनकी हालत 'बेहद नाजुक' बनी हुई है। 80 साल की जिया फिलहाल ढाका के एवरकेयर अस्पताल में भर्ती हैं। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की प्रमुख खालिदा जिया का 23 नवंबर से अस्पताल में इलाज चल रहा है। 11 दिसंबर को उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था, ताकि उनके फेफड़ों और शरीर को आराम मिल सके।
खालिदा जिया की तबीयत पर क्या बोले डॉक्टर?
डॉ. एजेडएम जाहिद ने शनिवार को आधी रात अस्पताल के बाहर मीडिया को बताते हुए कहा कि ये नहीं कहा जा सकता कि उनकी हालत में सुधार है। वह एक बहुत ही मुश्किल दौर से गुजर रही हैं। न्यूज पोर्टल bdnews24.com के अनुसार डॉक्टर ने देश के लोगों से उनके ठीक होने की दुआ करने की अपील की है।
ये भी पढ़ें: Khabaron Ke Khiladi: बांग्लादेश में जारी हिंसा कितनी बड़ी साजिश? विश्लेषकों ने बताया इसके पीछे किनका हाथ
डॉक्टर ने कहा कि अगर ऊपर वाले की रहमत रही और वह इस नाजुक दौर से निकल पाईं, तभी कोई अच्छी खबर सुनने को मिल सकती है। इस बीच उनके बेटे और पार्टी के कार्यकारी चेयरपर्सन तारिक रहमान ने अस्पताल जाकर मां का हाल जाना और वहां दो घंटे से ज्यादा समय बिताया।
खालिदा जिया के स्वास्थ्य को लेकर डॉक्टर के इस बयान के बाद बीएनपी समर्थकों ने उनके लिए प्रार्थनाएं करना शुरू कर दिया है। गौरतलब है कि बीते दिनों विदेश से डॉक्टर की टीम उन्हें एयरलिफ्ट कर ले जाने की हालात का जायजा लेने बांग्लादेश आई थी। हालांकि, उनकी खराब हालत को देखते हुए ऐसा नहीं हो सका।
ये भी पढ़ें: Bangladesh: 'यह सपना नहीं, बांग्लादेश के लिए योजना...', 17 साल बाद वतन वापसी पर तारिक रहमान ने लिखा खुला पत्र
डॉक्टरों की टीम कर रही देखरेख
बता दें कि बीएनपी उन्हें बेहतर इलाज के लिए विदेश ले जाना चाहती थी। लेकिन उनकी मौजूदा शारीरिक स्थिति ऐसी नहीं है कि वह हवाई सफर कर सकें। इसलिए फिलहाल उनका इलाज देश में ही जारी है। उनकी देखरेख में स्थानीय और विदेशी डॉक्टरों की टीम लगी हुई है।
अन्य वीडियो-