विदेशी नागरिकों को अब एवरेस्ट फतह करने के लिए करीब 21 लाख यानी पांच लाख नेपाली रुपये अधिक शुल्क का भुगतान करना होगा। पहले, विदेशी नागरिकों को 15,17,780 रुपये शुल्क देना होता था, जो अब बढ़ाकर 20,69,676 रुपये कर दिया गया है।
पर्वतारोहण संबंधी नियमावली में छठी बार किया गया संशोधन
नेपाली कैबिनेट की हाल ही में हुई बैठक के दौरान पर्वतारोहण संबंधी नियमावली में छठी बार संशोधन करके शुल्क में यह वृद्धि की गई। नेपाली पर्यटन विभाग के महानिदेशक नारायण रेग्मी ने बताया, नया नियम 1 सितंबर 2025 से प्रभावी होगा। सरकार ने सागरमाथा चढ़ाई के लिए कम शुल्क के कारण भीड़भाड़ व बढ़ते कचरे को ध्यान में रखकर यह निर्णय लिया है।
ये प्रावधान तत्काल प्रभाव से लागू
नई नियमावली के तहत बीमा और अन्य प्रावधान तत्काल प्रभाव से लागू होंगे, लेकिन इस वसंत कालीन हिमालय चढाई सीजन में पुराना शुल्क ही लागू रहेगी। नई नियमावली के तहत पर्वतारोहण गाइड, ऊंचाई पर काम करने वाले कर्मियों और सामान ले जाने वाले कर्मियों को मिलने वाले दैनिक भत्ते और बीमा की दरों में भी वृद्धि की गई है। आधार शिविर से ऊपर ले जाए जाने वाले सामान की मात्रा और वजन का विवरण भी अनिवार्य होगा। जो पर्वतारोही नए रिकॉर्ड बनाने के उद्देश्य से चढ़ाई करेंगे, उन्हें अपना पूरा विवरण प्रस्तुत करना होगा।