Food Crisis in Philippines: फिलीपींस में आए विनाशकारी भूकंप के बाद कई इलाकों में खाद्य सामग्री का संकट उत्पन्न हो गया है। लोगों को खाने पीने की वस्तुएं भी नहीं मिल पा रही हैं। इसके लिए स्थानीय प्रशासन ने लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने के लिए हेलीकॉप्टर तैनात करने की मांग की है।
दक्षिणी फिलीपींस में आए भूकंप को चार दिन बीच चुके हैं, लकिन वहां के हालात आज भी सामान्य नहीं हो पाए हैं। हजारों लोगों को राहत शिविर में रहना पड़ रहा है। इसके साथ ही आपदा प्रभावित इलाकों में अब लोगों को खाने और पीने के पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है।
गंभीर रूप से प्रभावित इलाकों में मदद पहुंचाना कठिन
फिलीपींस के कई इलाके ऐसे हैं जहां पर लोगों की मदद के लिए पहुंच पाना प्रशासन के लिए काफी कठिन हो चला है। भूकंप के कारण कई मुख्य सड़कें या तो बाधित हो गई हैं या फिर खराब हो गई हैं। 7.8 तीव्रता के भूकंप ने कई गांवों का संपर्क भी तोड़ दिया है। इसी कारण से प्रशासन को फंसे हुए लोगों की मदद करने में भी समस्या आ रही है।
विज्ञापन
मेयर विक्टर जेम्स ने प्रशासन से मांगी वायुसेना की मदद
इस प्राकृतिक आपदा में सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में से एक सारंगानी का ग्लान कस्ब है। जानकारी के मुताबिक इस इलाके में राहत कार्य के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। इसी सिलसिले में इलाके के मेयर विक्टर जेम्स याप ने ने सरकार से वायुसेना के हेलीकॉप्टर भेजने की बात कही है। विक्टर का कहना है कि उनके क्षेत्र के 31 में से 10 गांव अभी भी भूस्खलन के कारण पूरी तरह के कटे हुए हैं, जिस कारण से वहां राहत सामग्री पहुंचाने में कठिनाई हो रही है। मेयर विक्टर की मानें तो प्रभावित गांवों में लोगों के सामने खाद्य संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि लोग भूख से जूझ रहे हैं और जल्द से जल्द खाद्य सामग्री तथा पेयजल पहुंचाने के लिए हेलीकॉप्टरों की जरूरत है।
सारंगानी में दर्ज की गई सबसे ज्यादा मौतें
सारंगानी में अबतक सबसे ज्यादा 20 मौतें दर्ज की गई हैं। इनमें अधिकांश लोग भूस्खलन की चपेट में आए बताए जा रहे हैं। इसके अलावा जनरल सैंटोस, साउथ कोटाबाटो और दावाओ ऑक्सिडेंटल प्रांतों में भी भारी भरकम नुकसान हुआ है।