यमन की राजधानी सना पर बीते छह मई को हुए बड़े इस्राइली हमले के बाद सना एयरपोर्ट से शनिवार को एक बार फिर उड़ानों की शुरुआत हुई। मामले में हवाई अड्डे के प्रमुख खालिद अल-शैफ के मुताबिक, इस्राइल के हमले में टर्मिनल तबाह हो गया और रनवे पर बड़े गड्ढे बन गए। साथ ही कम से कम छह यात्री विमान भी क्षतिग्रस्त हुए, जिनमें तीन यमन की राष्ट्रीय एयरलाइन 'यमेनिया' के थे।
बता दें कि यमन में जारी संघर्ष के बीच बीते कुछ महीने से सना एयरपोर्ट ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के कब्जे में है। जहां उड़ान सेवा फिर से बहाल होने के बाद शनिवार को यमेनिया एयरलाइन की एक फ्लाइट 136 यात्रियों को लेकर सना इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरी। यह विमान जॉर्डन की राजधानी अम्मान से रवाना हुआ था। इतना ही नहीं शनिवार को सना और अम्मान के बीच तीन और उड़ानों का कार्यक्रम तय किया गया है।