स्थानीय पुलिस ने कहा कि सोमवार को लगभग पांच हजार लोगों की भीड़ हवाईअड्डा परिसर में घुस गई। उनका कहना था कि उन्होंने ऐसा सप्ताहांत की रैलियों पर पुलिस की हिंसक कार्रवाई के जवाब में किया है। हवाईअड्डा अधिकारियों ने सोमवार को इस कारण से सभी उड़ानों को रद्द कर दिया।
मंगलवार सुबह हांगकांग की मुख्य कार्यकारी कैरी लाम मीडिया से बातचीत के दौरान भावुक हो गईं और आगाह किया कि यदि बढ़ती हिंसा पर रोक नहीं लगती तो इसके भयंकर परिणाम होंगे। उन्होंने कहा कि हिंसा... क्या हांगकांग को ऐसे रास्ते पर ले जाएगी, जहां से लौटने का कोई मार्ग नहीं बचेगा। लाम को पत्रकारों की ओर से तीखे सवालों का सामना करना पड़ा और एक क्षण ऐसा आया जब उनकी आंखों से आंसू निकलते प्रतीत हुए। उन्होंने शांति की अपील की।
स्थिति के मद्देनजर सोमवार को चीन में अधिकारियों ने हिंसक प्रदर्शनकारियों की निंदा की और कहा कि उन्होंने पुलिसकर्मियों पर पेट्रोल बम फेंके। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों की तुलना आतंकवादियों से की। इस बीच सरकार संचालित मीडिया ने ऐसे वीडियो प्रदर्शित किए, जिनमें चीनी सेना और उसके बख्तरबंद वाहन हांगकांग की सीमा से लगे शेंझेन शहर में एकत्र होते दिख रहे हैं।
संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार प्रमुख ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस बल के प्रयोग पर मंगलवार को चिंता जताई और निष्पक्ष जांच की मांग की। वहीं, अमेरिकी प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सभी पक्षों से हिंसा से बचने को कहा। उधर, भारत ने हांगकांग जाने वाले अपने नागरिकों के लिए यात्रा परामर्श जारी किया है। हांगकांग में भारतीय वाणिज्य दूतावास ने कहा कि हांगकांग अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर 12 अगस्त को हुए विरोध प्रदर्शन की वजह से सेवाएं बुरी तरह से प्रभावित हैं।