अमेरिकी अरबपति एलन मस्क की इलेक्ट्रिक कार कंपनी टेस्ला के ऑस्टिन में शोरूम पर सोमवार (स्थानीय समयानुसार) को कई ज्वलनशील उपकरण पाए गए, जिसकी ऑस्टिन पुलिस जांच कर रही है। यह घटना मस्क की कंपनी को निशाना बनाकर की गई घटनाओं की श्रृंखला में नया मामला है।
ऑस्टिन पुलिस ने खतरनाक पदार्थों की रिपोर्ट पर तुरंत प्रतिक्रिया दी और ज्वलनशील उपकरणों को ढूंढकर बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया। बम निरोधक दस्ते ने बिना किसी समस्या के उपकरणों को अपने कब्जे में ले लिया। इस घटना में किसी प्रकार की चोट या नुकसान की कोई रिपोर्ट नहीं है। पुलिस विभाग के अनुसार, यह एक खुली जांच है। फिलहाल और जानकारी उपलब्ध नहीं है।
ये भी पढ़ें: South Africa: सिरिल रामाफोसा ने खारिज किया श्वेत लोगों के उत्पीड़न का दावा, ट्रंप और मस्क ने लगाया था आरोप
संघीय फंडिंग और कार्यबल में कटौती के बाद से हमले जारी
बता दें कि अरबपति मस्क ने हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के साथ संघीय फंडिंग और कार्यबल में कटौती का निर्णय लिया है। जिसके बाद से मस्क की कंपनी के खिलाफ अमेरिका सहित विदेशों में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं।
फ्लोरिडा और कैलिफोर्निया में भी हुई हिंसक घटनाएं
इससे पहले, शनिवार को भी एक व्यक्ति ने फ्लोरिडा के पाम बीच काउंटी में टेस्ला डीलरशिप के बाहर प्रदर्शन कर रहे लोगों को अपनी कार से टक्कर मार दी थी। हालांकि, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। वहीं, पुलिस ने मारपीट की शिकायत के बाद उस व्यक्ति को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा, उसी दिन कैलिफोर्निया में भी, एक प्रदर्शन के दौरान एक 33 वर्षीय व्यक्ति को स्टन गन का इस्तेमाल करने पर गिरफ्तार किया गया। जिस पर आरोप तय होने का इंतजार है।
टेस्ला को निशाना बनाकर की गई हिंसा में ये मामले भी शामिल
टेस्ला को निशाना बनाकर की गई हिंसा के मामलों में सिएटल में साइबरट्रक को आग लगाने और ओरेगन में डीलरशिप पर गोलीबारी जैसी कई और घटनाएं शामिल हैं। टेस्ला के शोरूम, वाहन लॉट, चार्जिंग स्टेशन और निजी स्वामित्व वाली कारों को भी निशाना बनाया गया है।
ये भी पढ़ें: Tesla Roadster: आठ साल बाद भी नहीं आई टेस्ला रोडस्टर, लेकिन अब भी हो रही बुकिंग, जानें क्या है वजह
FBI ने हमलों की जांच के लिए गठित की टास्क फोर्स
इस बीच, एफबीआई निदेशक काश पटेल ने सोमवार को कहा कि ब्यूरो 'टेस्ला के प्रति हिंसक गतिविधि में वृद्धि' को रोकने के लिए कदम उठा रहा है। एजेंसी ने अल्कोहल, तंबाकू, आग्नेयास्त्र और विस्फोटकों से हमले की जांच के लिए एक टास्क फोर्स गठित की है। पटेल ने एक्स पर एक पोस्ट में हिंसक घटनाओं को घरेलू आतंकवाद बताया। उन्होंने कहा कि हिंसा करने वाले लोगों को पकड़कर उन पर कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित वीडियो