सीरिया के पूर्व राष्ट्रपति बशर अल-असद के 24 साल लंबे शासनकाल के पतन के करीब एक महीने के बाद पहली अंतरराष्ट्रीय वाणिज्यिक उड़ान कतर से मंगलवार को दमिश्क हवाई अड्डे पर उतरी। जॉर्डन की सरकारी समाचार एजेंसी पेट्रा के अनुसार, रॉयल जॉर्डन एयरलाइंस का एक विमान परीक्षण के लिए दमिश्क के लिए रवाना हुआ। इसे लेकर नागरिक उड्डयन विनियामक आयोग के प्रमुख कैप्टन हैथम मिस्तो, जो विशेषज्ञों की एक टीम के साथ सवार थे, ने कहा कि इसका उद्देश्य नियमित उड़ानें फिर से शुरू करने से पहले दमिश्क हवाई अड्डे की तकनीकी स्थिति का मूल्यांकन करना था।
कतर के पीएम से मिले सीरिया के नए विदेश मंत्री
एक महीने पहले पूर्व सीरियाई राष्ट्रपति बशर-अल-असद को सत्ता से बेदखल करने वाले विद्रोही हमले के बाद से, अरब और पश्चिमी देश जिन्होंने पूर्व सरकार के साथ संबंध तोड़ लिए थे, वे सीरिया के नए वास्तविक अधिकारियों के साथ राजनयिक संबंध फिर से खोल रहे हैं, जिनका नेतृत्व इस्लामिस्ट पूर्व विद्रोही समूह हयात तहरीर अल-शाम या एचटीएस कर रहा है। इससे पहले सीरिया के नए विदेश मंत्री ने रविवार को दोहा में अपने कतरी समकक्ष और कतर के प्रधान मंत्री से मुलाकात की थी।
8 दिसंबर, 2024 को देश छोड़कर भागे थे असद
बता दें कि, 8 दिसंबर, 2024 को विद्रोही हमले के बीच सीरियाई राष्ट्रपति बशर अल-असद देश छोड़कर चले गए थे। जिसके साथ न केवल उनके 24 साल के शासन का अंत हुआ था, बल्कि उनके परिवार के पांच दशकों के शासन का भी पतन हो गया था। देश में 26 नवंबर, 2024 को शुरू हुए एक इस्लामवादी-नेतृत्व वाले विद्रोही हमले ने राष्ट्रपति बशर अल-असद के नियंत्रण से शहर दर शहर छीन लिया और उन्हें देश छोड़कर भागने पर मजबूर किया।
सीरिया में 2011 से छिड़ा था गृहयुद्ध
साल 2011 में अरब स्प्रिंग के दौरान जब सीरिया में शांतिपूर्ण प्रदर्शन शुरू हुए, तो राष्ट्रपति असद ने इसे रोकने के लिए सेना का सहारा लिया था। यह प्रदर्शन जल्द ही गृहयुद्ध में बदल गया। इस युद्ध में 500,000 से अधिक लोग मारे गए और आधी आबादी विस्थापित हो गई थी। इस दौरान राष्ट्रपति असद ने प्रदर्शनकारियों को 'आतंकवादी' करार दिया था और अपनी सैन्य कार्रवाइयों को उचित ठहराया था। जिसके बाद ये गृहयुद्ध ठंडा पड़ गया था, लेकिन इस युद्ध ने नवंबर को एक बार फिर जोर पकड़ा, जिसकी वजह से राष्ट्रपति असद को देश छोड़ना पड़ा।