Japan Firing News: जापान की एक लोकल मीडिया के मुताबिक, प्रशासन ने स्थानीय लोगों को निर्देश दिए हैं कि वह घर के अंदर ही रहें। गैर-जरूरी कामों के कारण घर से बाहर न निकलें। घरों के गेट और खिड़कियां बंद ही रखें। इसके अलावा पुलिस ने स्कूल गए बच्चों को स्कूलों में ही रहने के भी निर्देश दिए हैं।
जापान में एक बदमाश ने दो पुलिस जवान और एक महिला की हत्या कर दी। गोलीबारी और चाकूबाजी करने में तीन लोगों की मौत के अलावा एक व्यक्ति घायल भी है। इसके बाद आरोपी एक बिल्डिंग में छिप गया। पुलिस ने तलाशी अभियान चलाकर उसे गिरफ्तार किया। गोलीबारी और चाकूबाजी के पीछे की वजह का अब तक पता नहीं चल सका है।
विज्ञापन
यह है पूरा मामला
जापानी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस को शाम 4.25 बजे सूचना मिली कि नागानो में एक आदमी ने एक महिला को चाकू मार दिया है, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मामले में घटनास्थल पर उन्हें बचाने आए पुलिसकर्मियों पर भी आरोपी ने राइफल से फायर कर दिया। गोली लगने के कारण दो जवानों ने भी वहीं दम तोड़ दिया। घटना में एक व्यक्ति भी घायल हो गया, जिसकी हालत गंभीर है और वह अस्पताल में भर्ती है।
घरों में ही रहने के निर्देश
रिपोर्ट के मुताबिक, जब तक आरोपी पकड़ा नहीं गया, प्रशासन ने स्थानीय लोगों को निर्देश दिए कि वह घर के अंदर ही रहें। गैर-जरूरी कामों के कारण घर से बाहर न निकलें। घरों के गेट और खिड़कियां बंद ही रखें। इसके अलावा पुलिस ने स्कूल गए बच्चों को स्कूलों में ही रहने के भी निर्देश दिए थे। हालांकि, एक महिला ने बताया कि मोहल्ले में खेल रहे बच्चे आरोपी को देखते ही भागकर घर आ गए थे।
आरोपी अब भी आजाद
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने कैमॉफ्लाज कपड़े पहने हुए साथ में एक टोपी, धूप का चश्मा और मास्क लगा रखा था। इस वजह से उसकी पहचान नहीं हो पाई थी। घटना के बाद से ही वह एक बिल्डिंग में छिप गया। मामले की जांच की जा रही है।
पिछले साल जुलाई में जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात को घर में बनाई गई बंदूक से अंजाम दिया गया था। आबे के अभियुक्त हत्यारे तेत्सुया यामागामी ने कथित तौर पर यूनिफिकेशन चर्च के साथ अपने संबंधों को लेकर उन्हें निशाना बनाया। वहीं, पिछले महीने पश्चिमी शहर वाकायामा में चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा की ओर पाइप बम जैसा विस्फोटक फेंकने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था।