दक्षिण अफ्रीका के केप टाउन में स्थित संसद भवन में रविवार को आग लग गई। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ी। आग इतनी भीषण थी केप टाउन के ऊपर धुंए का गहरा गुबार उठता देखा गया।
लोक निर्माण और बुनियादी ढांचा मंत्री पैट्रीशिया डी लिली ने कहा कि आग संसद भवन परिसर की एक इमारत की तीसरी मंजिल पर लगी थी। यहां से आग राष्ट्रीय असेंबली कार्यालय तक पहुंच गई, जहां पर दक्षिण अफ्रीका की संसद बैठती है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार राष्ट्रपति भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निराशाजनक बताया। जानकारी के अनुसार मामले में अधिकारियों ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
संसद भवन के फायर अलार्म में गड़बड़ी की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि स्प्रिंकलर सिस्टम (आग लगने की स्थित में पानी की फुहारें गिरने की व्यवस्था) में कुछ दिक्कत थी। घटना का कारण जानने की कोशिश की जा रही है।
इमारतों के कुछ हिस्सों के गिरने की आशंका
जानकारी के अनुसार अभी तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका है। पैट्रीशिया ने कहा कि आज का दिन लोकतंत्र के लिए बेहद दुखद है क्योंकि संसद हमारे लोकतंत्र का घर है। आग के चलते कुछ हिस्सों के गिरने की आशंका भी बन गई है।
राष्ट्रपति सिरिल रामाफोस और देश के कई अन्य शीर्ष नेता भी आर्च बिशप डेसमंड टूटू के अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने के लिए केपटाउन में ही थे। आशंका है कि इमारतों के कुछ काफी पुराने हिस्से गर्मी की वजह से गिर सकते हैं।
जल्द नहीं पाया काबू तो होगा बहुत नुकसान
यहां सेफ्टी और सिक्योरिटी के लिए मेयर समिति के सदस्य जेपी स्मिथ ने बताया कि आग के चलते इमारत की दीवारों में दरारें पड़ने की जानकारी सामने आई है। उन्होंने कहा अगर जल्द आग पर काबू नहीं पाया गया तो बहुत नुकसान हो जाएगा।
पुलिस ने संदिग्ध को हिरासत में लिया
दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने कहा कि रविवार सुबह संसदीय परिसर में लगी भीषण आग के संबंध में किसी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है, जिसमें कोई हताहत नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि अभी किसी को पकड़ा जा रहा है और उनसे पूछताछ की जा रही है।