पश्चिमी जर्मनी में स्पार्कासे बैंक पर क्रिसमस के दौरान चोरों ने हॉलीवुड फिल्म के स्टाइल में डकैती की। अंडरग्राउंड वॉल्ट में ड्रिल से सेंध लगाकर 3,000 सेफ बॉक्स तोड़े गए। दावा किया जा रहा है कि इस डकैती में लगभग 30 मिलियन यूरो का नुकसान हुआ है।
जर्मनी से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां पश्चिमी शहर में स्पार्कासे बचत बैंक की शाखा पर हॉलीवुड स्टाइल की डकैती ने सबको हक्का-बक्का कर दिया है। चोरों ने बैंक की अंडरग्राउंड वॉल्ट में घुसने के लिए बड़ा ड्रिल इस्तेमाल किया और 3,000 सेफ डिपॉजिट बॉक्स तोड़कर भारी चोरी की। पुलिस के अनुसार चोरों ने पार्किंग गेराज से वॉल्ट तक रास्ता ड्रिल करके बनाया। गवाहों ने बताया कि शनिवार और रविवार की रातों में कई लोग बड़े बैग ले जाते दिखे। सुरक्षा कैमरे में देखा गया कि सोमवार सुबह एक ब्लैक ऑडी RS 6 पार्किंग गेराज से निकली, जिसमें मास्क पहने लोग थे।
मीडिया रिपोर्टस की माने तो चोरों ने क्रिसमस और बैंक बंद होने का फायदा उठाया। पुलिस का अनुमान है कि गिरोह ने छुट्टियों और सप्ताहांत में कई घंटों तक ड्रिलिंग की। चोरी की जानकारी तब मिली जब 29 दिसंबर की सुबह फायर अलार्म बजा और आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंचीं। इस घटना के बाद बैंक ने ग्राहकों के लिए हॉटलाइन शुरू की और प्रभावित लोगों को सूचना दी। बैंक के प्रवक्ता फ्रैंक क्रालमैन ने कहा कि हम इस घटना से सदमे में हैं।
बैंक के बाहर जमा हुए सैकड़ों लोग
घटना के बाद, बैंक के बाहर सैकड़ों ग्राहक जमा हो गए और अपने नुकसान की जानकारी मांगने लगे। कई ग्राहकों ने कहा कि उनका नुकसान उनके बीमित मूल्य से भी ज्यादा है। पुलिस ने कहा कि यह डकैती बहुत ही पेशेवर तरीके से की गई थी और इसे फिल्म 'ओशन इलेवन' जैसा बताया। पुलिस अब भी मामले पर नजर बनाए हुए है। पुलिस ने आगे बताया कि चोरी में शामिल हजारों सेफ बॉक्स का औसत बीमा मूल्य 10,000 यूरो से ज्यादा है, इसलिए अनुमानित नुकसान लगभग 30 मिलियन यूरो का है।