संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद की उच्चायुक्त एम. बैचलेट के बयान पर भारत ने सख्त आपत्ति जताई है। परिषद के 46 वें सत्र के दौरान भारत के स्थायी प्रतिनिधि व राजदूत आईएम पांडे ने सामान्य बहस के दौरान कहा कि भारत सरकार ने किसान आंदोलन के दौरान किसानों के प्रति पूरा सम्मान दर्शाया है। किसानों की चिंताओं को दूर करने के लिए सरकार लगातार बातचीत करती रही।
उल्लेखनीय है कि भारत के किसान आंदोलन को लेकर छह फरवरी को संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद की प्रमुख बैचलेट ने बयान दिया था। उन्होंने प्रशासन और प्रदर्शनकारियों दोनों से संयम बरतने की अपील की थी। इसके साथ ही प्रशासन को नसीहत देते हुए कहा था कि शांतिपूर्ण तरीके से इकट्ठा होने और अभिव्यक्ति के अधिकारों की ऑफलाइन और ऑनलाइन मंच पर सुरक्षा होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा था कि यह जरूरी है कि सभी के मानवाधिकारों का सम्मान करते हुए न्यायसंगत समाधान निकाला जाए।