अमेरिका के नेशविल में क्रिसमस की सुबह एक वाहन में विस्फोट हो गया। विस्फोट के चलते एक बड़े क्षेत्र में खिड़कियों के कांच व अन्य मलबे बिखर गए तथा आसपास के भवनों में कंपन महसूस किया गया। नेशविल टेलीविजन केंद्र ने अधिकारियों के हवाले से कहा कि यह धमाका संदिग्ध नहीं जान पड़ता है।
मेट्रो नेशविल पुलिस विभाग ने ट्वीट किया कि शुक्रवार सुबह साढ़े छह बजे विस्फोट हुआ जिसके बाद प्रांतीय और संघीय अधिकारियों के साथ-साथ अग्निशमन विभाग समेत अन्य आपात सेवाएं वहां पहुंच गईं। जानकारी के अनुसार घटनास्थल पर आग की लपटें और काला धुंआ उठता देखा गया।
बता दें कि इस इलाके में पर्यटकों की भीड़ रहती है और रेस्तरां व कई अन्य खुदरा दुकानें हैं। इस विस्फोट के चलते आसपास के भवनों में झटका महसूस किया गया और बहुत जोरदार आवाज सुनाई दी।
मेट्रो नेशविल ऑफिस ऑफ इमरजेंसी मैनेजमेंट ने नेशविल टेलीविजन केंद्र डब्ल्यूकेआरएन को बताया कि मनोरंजन के लिए खड़े एक वाहन में धमाका हो गया और कई भवनों को नुकसान पहुंचा। वैसे इस धमाके में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।