ईरान के बंदर अब्बास बंदरगाह में विस्फोट (सांकेतिक)
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक
ईरान के प्रमुख बंदरगाह शहर बंदर अब्बास में एक रिहायशी इमारत में हुए जोरदार विस्फोट से अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में 4 साल की एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि कम से कम 14 अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। यह घटना ऐसे समय पर हुई है, जब ईरान एक दिन बाद होर्मुज जलडमरूमध्य में नौसैनिक अभ्यास करने वाला था जिस पर अमेरिका की भी करीबी नजर बनी हुई है।
स्थानीय मीडिया में सामने आए वीडियो में देखा गया कि राहतकर्मी मलबे से घायलों को बाहर निकाल रहे हैं। फुटेज में एक सुरक्षा बल के सदस्य को स्ट्रेचर पर ले जाते हुए भी दिखाया गया, जिनकी हालत गंभीर बताई गई। हालांकि, ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने किसी वरिष्ठ नौसैनिक अधिकारी के घायल होने की खबरों का खंडन किया है।
गैस रिसाव को बताया गया विस्फोट का कारण
ईरानी सरकारी टेलीविजन के अनुसार, स्थानीय फायर विभाग के एक अधिकारी ने विस्फोट की वजह गैस रिसाव को बताया है। शुरुआती जांच में इसे आतंकी हमला या सैन्य घटना से जोड़कर नहीं देखा जा रहा, लेकिन समय और स्थान को लेकर सवाल जरूर उठ रहे हैं।
होर्मुज जलडमरूमध्य के चलते संवेदनशील माहौल
बंदर अब्बास, होर्मुज जलडमरूमध्य के पास स्थित है वही जलमार्ग जिससे दुनिया का करीब 20 प्रतिशत तेल व्यापार गुजरता है। अमेरिका पहले ही ईरान को चेतावनी दे चुका है कि वह इस जलडमरूमध्य में उसके युद्धपोतों या वाणिज्यिक जहाजों को किसी तरह का खतरा न पहुंचाए।
ये भी पढ़ें:- EU-Iran Row: ईयू के फैसले से भड़का ईरान, आईआरजीसी पर कार्रवाई के बाद यूरोपीय सेनाओं को आतंकी सूची में डाला
अहवाज में भी हुआ विस्फोट
इसी दिन ईरान के दक्षिण-पश्चिमी शहर अहवाज़ में भी एक अन्य गैस विस्फोट की खबर सामने आई, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई। लगातार हो रही इन घटनाओं ने देश के भीतर सुरक्षा और बुनियादी ढांचे पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अमेरिका-ईरान तनाव के बीच घटना
यह विस्फोट ऐसे समय में हुआ है, जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव चरम पर है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में संकेत दिए थे कि ईरान में प्रदर्शनकारियों के दमन या बड़े पैमाने पर फांसी की स्थिति में सैन्य कार्रवाई पर विचार किया जा सकता है। हालांकि, ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान के साथ बातचीत की संभावनाएं अभी खत्म नहीं हुई हैं।
ईरान के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी अली लारिजानी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि “वार्ता के ढांचे पर काम आगे बढ़ रहा है,” लेकिन ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई पहले ही अमेरिका से सीधी बातचीत से इनकार कर चुके हैं।
क्षेत्रीय स्तर पर तनाव कम करने की कोशिश
मिस्र और कतर जैसे देशों ने इस पूरे घटनाक्रम के बीच तनाव कम करने की अपील की है। मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फत्ताह अल-सीसी ने ईरान और अमेरिका के बीच शांतिपूर्ण समाधान पर जोर दिया है, वहीं कतर के प्रधानमंत्री ने तेहरान जाकर क्षेत्रीय तनाव कम करने को लेकर बातचीत की है।