सिंगापुर ने 15 साल बाद अपने नेताओं के वेतन में बड़ा बदलाव किया है। इस फैसले के चलते सिंगापुर के प्रधानमंत्री, उप-प्रधानमंत्री और कैबिनेट मंत्रियों की सैलरी में बड़ा इजाफा होगा। फैसला लागू होने के बाद प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग की सालाना सैलरी 2.2 मिलियन सिंगापुर डॉलर से बढ़कर 3.6 मिलियन सिंगापुर डॉलर हो जाएगी।
सिंगापुर सरकार के इस फैसले के बाद अलग-अलग देशों के राष्ट्रअध्यक्षों के वेतन को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। दुनिया में अलग-अलग देशों के राष्ट्रध्यक्षों को कहां कितना वेतन मिलता है? सिंगापुर में बदलाव के बाद यहां वेतन में क्या बदलाव होगा? भारत में प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति को कितना वेतन मिलता है? कहां राष्ट्रअध्यक्ष का वेतन सबसे ज्यादा है? अमेरिका-चीन जैसे देशों का क्या हाल है? भारत के पड़ोसी देशों में राष्ट्राध्यक्ष कितना वेतन पाते हैं? आइये जानते हैं...
सिंगापुर दक्षिण-पूर्व एशिया में स्थित एक छोटा शहर-देश है। क्षेत्रफल छोटा होने के बावजूद सिंगापुर दुनिया के प्रमुख वित्तीय और कारोबारी केंद्रों में गिना जाता है। इसकी अर्थव्यवस्था में व्यापार, सेवाएं और मैन्युफैक्चरिंग की बड़ी भूमिका है। यह देश 9 अगस्त 1965 को स्वतंत्र हुआ था और यहां संसदीय लोकतांत्रिक व्यवस्था है। वर्ल्डओमीटर के अनुसार, सिंगापुर की आबादी करीब 59.17 लाख है। 2026 में सिंगापुर की नाममात्र जीडीपी करीब 659.57 अरब डॉलर है।