सार
यूरोपीय हवाईअड्डों पर साइबर हमले का असर रविवार को भी जारी रहा, जिससे कई उड़ानें रद्द और विलंबित हो गईं। ब्रसेल्स हवाईअड्डे ने सोमवार के लिए 50 प्रतिशत उड़ानों को रद्द करने का आदेश दिया। लंदन और बर्लिन हवाईअड्डों पर भी चेक-इन प्रणालियों में बाधाएं आईं, जिससे कर्मचारियों को बैकअप उपायों का सहारा लेना पड़ा।
यूरोप के प्रमुख हवाईअड्डों पर साइबर हमले के कारण चेक-इन प्रणालियों में गड़बड़ी का असर रविवार को भी जारी रहा। कई उड़ानें रद्द या विलंबित हो गईं और यात्रियों को अपनी यात्रा योजनाओं में बदलाव करना पड़ा। ब्रसेल्स हवाईअड्डे ने सोमवार के लिए 50 प्रतिशत उड़ानों को रद्द करने का आदेश दिया है, जबकि लंदन और बर्लिन हवाईअड्डों पर भी इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम में व्यवधान बना हुआ है।
ब्रसेल्स, लंदन व बर्लिन के प्रमुख हवाईअड्डों पर शुक्रवार देर रात से इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम में व्यवधान शुरू हो गया था, जिससे चेक-इन में बाधा आई और कर्मचारियों को हाथ से बोर्डिंग पास बनाने या बैकअप लैपटॉप का इस्तेमाल करने जैसे विकल्प आजमाने पड़े। कई अन्य यूरोपीय हवाईअड्डे इससे कोई प्रभाव नहीं पड़ा।