वेटिकन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि आयरलैंड में समलैंगिक शादी के पक्ष में हुआ मतदान मानवता की हार थी। वेटिकन के विदेश मंत्री कार्डिनल पिट्रो पारोलिन ने कहा कि परिणामों को लेकर वो बहुत दुखी थे। आयरलैंड में 22 मई को हुए ऐतिहासिक मतदान में 62 फीसद लोगों ने समलैंगिक शादियों को मान्यता देने के लिए संविधान में संशोधन के पक्ष में मतदान किया था।
चर्च का धर्म प्रचार
कार्डिनल पारोलिन ने कहा कि यह दिखाता है कि चर्च को अपने धर्म प्रचार में किस तरह के सुधार की जरूरत है। इटली की समाचार एजेंसी अंशा के मुताबिक कार्डिनल पिट्रो पारोलिन ने मंगलवार रात इटली में आयोजित एक सम्मेलन में कहा, ''मुझे लगता है कि आप इसे केवल ईसाई सिद्धांतों के हार के रूप में नहीं ले सकते।
बल्कि यह मानवता की भी हार है।'' उन्होंने कहा, ''परिवार किसी व्यक्ति के जीवन की धूरी है और हमें इसकी रक्षा और इसे मजबूत बनाने के लिए सबकुछ करना होगा।'