मैनचेस्टर अरीना में हुए बम धमाके में 19 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है जबकि 50 से ज्यादा लोग घायल हैं। मैनचेस्टर के सिटी काउंसलर पैट कार्ने ने बीबीसी रेडियो 5 के लाइव प्रोग्राम में कहा है कि अरीना एक आसान टारगेट था।
उन्होंने कहा, "अरीना के कंसर्ट हाल में युवा लोग थे, जो म्यूजिक में डूबे हुए थे, किसी ने ऐसे हमले के बारे में सोचा भी नहीं होगा।" उन्होंने ये भी कहा हमले से पूरा शहर सदमे में हैं, हादसे के शिकार लोगों में कई तो बहुत कम उम्र के थे, हमारी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं।
मैनचेस्टर अरीना मैनचेस्टर शहर का सबसे बड़ा इनडोर वेन्यू है जिसकी क्षमता 18,000 दर्शकों की है। अरीना में नियमित रूप से कंसर्ट हुआ करते हैं जहाँ अरियाना ग्रांडे जैसे बड़े कलाकार आते हैं।
23 वर्षीय अरियाना अमरीका की एक टीवी अभिनेत्री और पॉप स्टार हैं।वे खास तौर से युवाओं में लोकप्रिय रही जिनका गाना 'प्रॉब्लम' 2014 में ब्रिटेन में चार्ट में नंबर वन पर रहा था।
अरियाना फिलहाल यूरोपीय देशों का दौरा कर रही हैं। उन्होंने बर्मिंघम और डब्लिन में कन्सर्ट किए हैं और इस सप्ताह बुधवार और गुरूवार को लंदन के O2 अरीना में कार्यक्रम करनेवाली हैं।