ट्रेन में बिना टिकट सफ़र करने के कई मामले भारत समेत दुनिया के कई देशों में हमेशा सामने आते रहते हैं और लोगों के पास बहाने भी कई होते हैं। लेकिन उत्तरी आयरलैंड में बग़ैर टिकट सफ़र करने वाले एक शख्स ने अजीबो गरीब बहाना बनाया।
उनका तर्क था, “शौचालय में टॉयलट पेपर नहीं था इसलिए मुझे अपनी टिकट का ही इस्तेमाल करना पड़ा।”
रेल सेवा चलाने वाली कंपनी ट्रांसलिंक का कहना है कि तमाम बहानों में से ये बहाना अब तक का सबसे अनोखा बहाना था। कंपनी कहती है कि अब शायद ही कोई बहाना होगा जो उन्होंने नहीं सुना होगा।
भारत की बात करें तो 2004 में बिहार के तत्कालीन परिवहन मंत्री को ट्रेन में बिना टिकट सफ़र करने के लिए हर्जाना लगाया गया था। उन्हें और उनके सुरक्षागार्ड को 250 रुपए का जुर्माना देना पड़ा था।
आमतौर पर ऐसी सूरत में लोग तरह-तरह की बातें बनाकर पीछ़ा छुड़ाने की कोशिश करते हैं।
ऐसे ही कुछ बहाने हैं:
-मैं पार्ट टाइम पुलिस वाला हूं इसलिए मुझे पैसे देने की ज़रूरत नहीं है।
-मैंने सुना ही नहीं कि कन्डक्टर ने टिकट के लिए कहा हो। मैं सो रहा था/मैंने हेडफ़ोन पहने हुए थे।
-रेल सार्वजनिक सेवा है और मैं टैक्स भी भरता हूं। आप बस पैसे उगाहना चाहते हैं।
-मेरा भाई वकील है, तुम मुश्किल में पड़ सकते हो।
-मैंने तो टिकट अभी ख़रीदी है आपकी मशीन ही ख़राब होगी (जिनके पास पुरानी टिकट होती है)
-मुझे लगा कि अभी 2011 ही चल रहा है (एक छात्र जिसके पास पुरानी टिकट थी।)
-मुझे बस एक स्टॉप बाद ही उतरना है।
-मेरे मम्मी पापा के पास टिकट है, वो दूसरे छोर पर हैं।