इटली में मंगलवार को तेज अंधड़ की वजह से एक पुल गिर गया, जिसमें कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई। देश के जिनावो शहर में स्थित औद्योगिक क्षेत्र में यह हादसा हुआ। पुलिस के मुताबिक, अचानक आया अंधड़ इतना तेज था कि किसी को भी संभलने का मौका नहीं मिला।
मौसम विभाग ने ऐसे किसी अंधड़ की भविष्यवाणी भी नहीं की थी। जबकि 200 मीटर के मोरांडी पुल के जर्जर होने की भी पहले से कोई आशंका नहीं थी। जिस वक्त अंधड़ आया तब पुल के ऊपर गाड़ियां चल रही थीं। पुल के अचानक गिरने से कई गाड़ियां उसमें दब गईं। मंगलवार देर रात तक बचाव अभियान जारी था।
हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। यह पुल उस हाइवे का हिस्सा है, जो इटली से फ्रांस को जोड़ता है। हालांकि दमकलकर्मियों ने आशंका जताई है कि पुल के नजदीक से गुजर रही एक गैस लाइन में गड़बड़ी भी इस हादसे की जिम्मेदार हो सकती है।