भारतीय दिग्गज टाटा स्टील ने ब्रिटेन के साउथ वेल्स में अपने प्लांट के पास नए घर बनाने की योजना में है। इसके लिए कंपनी ने ब्रिटेन सरकार को आवेदन सौंपा है, लेकिन कुछ स्थानीय लोग इस परियोजना का विरोध कर रहे हैं।
टाटा स्टील की योजना वेल्स के कर्माथेनशायर स्थित अपने ट्रोस्टर प्लांट के नजदीक 24 एकड़ जमीन पर 280 नए घर बनाने की है। हालांकि बीबीसी की रिपोर्ट में कहा गया कि टाटा स्टील खुद इन घरों को बनाने का इच्छुक नहीं है, लेकिन इस जमीन को बेचने पर विचार कर रही है। अगर इस जमीन पर नए घर बनाने की इजाजत मिल जाती है, तो इसकी कीमत ज्यादा हो जाएगी।
कंपनी की ओर से नए घर बनाने की इजाजत के लिए कर्माथेनशायर काउंसिल को 18 जनवरी को आवेदन मिला। इसके बाद लानेल्ली रूरल काउंसिल समेत स्थानीय लोगों ने इस परियोजना पर आपत्ति जताई। इनकी दलील है कि मौजूदा सीवर की क्षमता अच्छी नहीं है। ऐसे में नए घर बनाने की इजाजत देना ठीक नहीं।