अमेरिका के बाद सीरियाई राष्ट्रपति बशर अल-असद के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए ब्रिटेन ने उन्हें कट्टर आतंकी कहा है। ब्रिटेन के विदेश सचिव बोरिस जॉनसन ने असद को एक कट्टर आतंकवादी बताते हुए कहा कि अब रूस को समझ लेना चाहिए कि असद पूरी तरह से जहर उगलने वाले नेता बन चुके हैं।
संडे टेलीग्राफ अखबार के एक लेख के अनुसार, जॉनसन ने कहा कि असद के सहयोगी रूस के पास अब भी समय है कि वह इस लड़ाई के सही पक्ष में खड़ा हो सके। असद ने रासायनिक हथियारों का प्रयोग केवल इसलिए नहीं किया कि वे भयानक और अविवेकपूर्ण हैं बल्कि उन्होंने इसका प्रयोग इसलिए किया क्योंकि ये दहशत पैदा करने वाले हैं।
उन्होंने आगे लिखा कि असद एक कट्टर आतंकी हैं, जिनके बदला लेने की प्यास कभी नहीं बुझने वाली है और वह अपनी जनता पर दोबारा कभी शासन करने की उम्मीद ही नहीं कर सकते। वह वास्तव में और लाक्षणिक रूप से भी कितने जहरीले हैं, रूस को अब इस तथ्य को आंखें खोलकर देख लेना चाहिए। रूस के पास अब भी समय है कि वे सही पक्ष की ओर आ जाए।