पेरिस हमलों के 10 दिनों के बाद फ्रांस की पुलिस को पेरिस की सड़क से मिली एक आत्मघाती बेल्ट जैसी चीज़ की जांच कर रही है। इन हमलों में 130 लोग मारे गए और 350 घायल हुए।
पुलिस का कहना है कि पेरिस के एक इलाके से मिली ये बेल्ट वैसी ही है जैसी आत्मघाती हमलावरों ने इस्तेमाल की थी। पुलिस का मानना है कि हमलों के बाद कोई संदिग्ध इस इलाके से गुजरा हो सकता है।
हमलों के बाद से अमेरिका ने विश्वव्यापी यात्रा चेतावनी जारी की है। उधर बेल्जियम की राजधनी ब्रसेल्स हाई अलर्ट पर है जो एक हफ्ते तक के लिए बढ़ा दी गई है। वहां मंगलवार को भी स्कूल और मेट्रो बंद रहेंगे।
बुधवार को मेट्रो और स्कूल खुल जाएंगे लेकिन उच्चतम स्तर की सुरक्षा चेतावनी अगले एक सप्ताह तक जारी रहेगी। पुलिस को ब्रसेल्स में भी पेरिस जैसे हमले का डर है। प्रधानमंत्री चार्ल्स माइकल ने चेतावनी दी है कि खतरा बरकरार है।
पेरिस हमलों का एक संदिग्ध सालाह अब्देसलाम ब्रसेल्स का रहना वाला था और अब वो फरार है। पेरिस हमलों के जांचकर्ताओं का कहना है कि 13 नवंबर को फरार संदिग्ध सालाह अब्देसलाम वहां था जहां से बेल्ट मिली है। पुलिस के मुताबिक संदिग्ध बेल्ट सफाईकर्मियों को एक डस्टबिन से मिली थी।