पाकिस्तानी मूल के एक अप्रवासी बस ड्राइवर के बेटे, सादिक़ खान के लंदन के मेयर चुने जाने पर पाकिस्तान में ट्विटर पर उनकी तारीफों के पुल बांधे जा रहे हैं। वह लंदन के पहले मुस्लिम मेयर होंगे।
पाकिस्तान में ट्विटर यूज़र सादिक़ खान की जीत को ऐतिहासिक बता रहे हैं और वे लंदन के 'बहुसंस्कृतिवाद' की तारीफ़ भी कर रहे हैं। ब्रिटेन में विपक्षी लेबर पार्टी में पूर्व मंत्री रह चुके सादिक़ ख़ान ने अपने क़रीबी प्रतिद्वंद्वी कंज़र्वेटिव उम्मीदवार जैक गोल्डस्मिथ को हराया है और उनकी भारी मतों से जीत हुई है। ख़ान के विरोधियों ने उन पर इस्लामिक चरमपंथियों से संबंध के आरोप लगाए इसके बावजूद ब्रिटेन के इतिहास में किसी भी व्यक्ति को मिलने वाली यह सबसे बड़ी ऐतिहासिक जीत है।
सिटी हॉल में अपने बयान में ख़ान ने कहा कि 'भय के मुक़ाबले ज़्यादा उम्मीद' और 'मतभेद के बीच भी लोगों ने एकता' दिखाते हुए उन्हें चुना। कई लोगों ने ट्वीटर पर ख़ान को लंदन का मेयर बनने पर बधाई दी है। लोगों ने कहा है कि वह कड़ी मेहनत करने के लिए वह लोगों के प्रेरणास्रोत है और वह 'लंदन के वास्तविक चेहरे' को दर्शाते हैं। सज्जाद अहमद ने ट्वीट किया, ''मुबारक़ हो सादिक़ खान। आपकी सफलता की कहानी हमेशा याद रखी जाएगी।''
एक अन्य ट्विटर यूज़र ज़ुनैद अज़ीम ने ट्वीट किया, ''लंदन के मेयर के रूप में सादिक़ खान का चुना जाना इतिहास है। एक मुस्लिम, अपनी मेहनत से सफल हुआ, एक आदमी जो नकारात्मकता से दूर है।'' हालांकि कुछ लोगों ने सादिक़ ख़ान की इस जीत के संदर्भ में पाकिस्तान के राजनीतिक व्यवस्था में बहुलवाद और समानता पर ध्यान खींचा है। रजा अहमद रुमी लिखते हैं, ''सादिक़ ख़ान का लंदन का मेयर बनना अदभुत है। पाकिस्तान को सोचना चाहिए कि क्या हमारी राजनीतिक व्यवस्था इस अनेकता और समानता को स्वीकार कर पाएगी?'' कुछ इसी तरह की बात कही है मोशराफ़ ज़ैदी ने।
उन्होंने ट्वीट किया, "मुस्लिम और पाकिस्तानियों को सादिक़ ख़ान की स्थिति और उनके बड़े क़द के बारे में सोचना चाहिए। यह अनेकता है जिसे हमारे लोगों के लिए भी सुनिश्चित करना चाहिए।'' बहुत सारे लोगों ने अपनी योग्यता दिखाने के लिए सादिक़ ख़ान की तारीफ़ की है। अदलीब अब्बास ने ट्वीट किया है, "सादिक़ खान का मेयर बनना इस बात की प्रेरणा देता है कि चाहे जो भी परिस्थिति हो यदि आप कड़ी मेहनत और लगन से काम करते हैं तो आप ऊपर जाते हैं।'' सादिक़ खान को मेयर बनाने पर कई ट्विटर यूज़रों ने लंदन की तारीफ़ों के पुल बांध दिए हैं।
मुसाहिद हुसैन ने ट्वीट किया, "वैश्विक फ़लक पर चमकने के लिए पाकिस्तानी सादिक़ ख़ान पर गर्व कर सकते हैं। लंदन से सीखो। योग्यताओं को पहचानने से समाज आगे बढ़ता है, सहिष्णु बनो।'' कई ट्विटर यूज़रों ने लंदन के बहुसंस्कृतिवाद की सराहना की है और बड़े दिलवाला शहर बताया है। सलमान अकरम रजा ने ट्वीट किया, ''एक बस ड्राइवर के विनम्र बेटे ने अपनी कड़ी मेहनत से साबित कर दिया। जैक गोल्डस्मिथ को हराना लोकतंत्र और मानवता के लिए अच्छा है।'' मुनाज़ा लिखते हैं असहिष्णु और धर्म के नाम पर भेद करने वाले लोगों लंदन से प्यार करने की एक और वजह मिल गई। विविध प्रकार की संस्कृति वाला स्थान जहां कोई धार्मिक भेदभाव नहीं। सादिक़ खान के व्यक्तित्व की तारीफ़ करते हुए कुछ लोगों ने लिखा है, ''सादिक़ खान की अच्छी बात यह है कि वे एक अच्छे इंसान है और चुनाव जीतने के लिए उन्होंने धर्म का कार्ड नहीं खेला है।'' मुतर्जा का पोस्ट है, ''सादिक़ खान को ब्रिटेन के इतिहास में सबसे बड़ी जीत मिली है यह अदभुत है।'' एक यूज़र ने लिखा, ''इस जीत का मतलब इस्लाम के भय के लिए एक बड़ी चुप्पी है।''