धूम्रपान करने वाले बहुत सारे लोगों का तर्क रहता है कि सिगरेट पीने से उनका तनाव कम होता है। लेकिन कुछ शोधकर्ताओं की मानें तो जो लोग सफलतापूर्वक धूम्रपान छोड़ देते हैं वे बाद में कम तनाव महसूस करते हैं।
इंग्लैंड में करीब 500 लोगों ने धूम्रपान छोड़ने के लिए विशेष शिविर में हिस्सा लिया था और ब्रिटिश जनरल ऑफ साइकेटरी का ये शोध इसी के बाद आया है। शोध के मुताबिक सिगरेट छोड़ने वाले 68 लोगों में तनाव के स्तर में कमी आई है। तनाव में कमी का असर उन लोगों में अधकि है जिनमें मूड स्विंग होता है।
शोधकर्ताओं का कहना है कि इस शोध का इस्तेमाल उन लोगों को आश्वस्त करने के लिए किया जाना चाहिए जो सिगरेट छोड़ने की कोशिश कर रहे हैं और उन्हें लगता है कि ऐसा करने के बाद उनका तनाव बढ़ जाएगा। हालांकि अध्ययन में ये भी संकेत दिए गए हैं कि जो लोग धूम्रपान छोड़ने में सफल नहीं हो पाते हैं उनमें तनाव और बढ़ जाता है।
अध्ययन के मुताबिक ऐसा लगता है कि धूम्रपान करने वाले लोग सुबह उठते ही सिगरेट पीना चाहते हैं ताकि विदड्राल सिम्टम से लड़ सकें जिसमें तनाव शामिल है। लेकिन सिगरेट छोड़ने के बाद बार बार उन्हें बेचैनी और तनाव नहीं होता।