मोदी 30 साल में स्वीडन का दौरा करने वाले पहले भारतीय पीएम हैं। स्वीडिश पीएम लोफवेन ने एयरपोर्ट पर खुद पीएम मोदी की अगवानी की। इसके बाद दोनों नेता एक ही गाड़ी में एयरपोर्ट से होटल तक गए।
स्वीडन के किंग कार्ल 16वें गुस्ताफ से मिले मोदी
पीएम मोदी ने मंगलवार को स्वीडन के राजा कार्ल 16वें गुस्ताफ से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत बनाने पर चर्चा हुई।
10 घंटे में 10 कार्यक्रम
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने पीएम मोदी के व्यस्त कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि वह 10 घंटे में 10 अलग-अलग कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। एक ट्वीट में उन्होंने कहा, ‘स्टॉकहोम में पीएम नरेंद्र मोदी ने एक व्यस्त कार्यक्रम की शुरुआत की है। वह स्वीडन में वहां के राजा से मुलाकात, स्वीडिश पीएम के साथ द्विपक्षीय वार्ता, 4 नोरडिक देशों के नेताओं से मुलाकात, स्वीडन की दिग्गज कंपनियों के सीईओ के साथ गोलमेज वार्ता, स्वीडन के नेता विपक्ष से भेंट, इंडिया-नोरडिक सम्मेलन और भारतीय समुदाय से मुलाकात करेंगे।’
अगला पड़ाव ब्रिटेन, थेरेसा मे से मुलाकात
पीएम मंगलवार रात ही अपने दौरे के दूसरे पड़ाव के तहत
ब्रिटेन पहुंचेंगे। यहां वह राष्ट्रमंडल राष्ट्रों की सरकारों के प्रमुखों की बैठक में हिस्सा लेंगे। इसके बाद उनकी ब्रिटिश पीएम थेरेसा मे से भी मुलाकात का कार्यक्रम है। 20 अप्रैल को स्वदेश लौटने के दौरान वह जर्मनी के बर्लिन में रुकेंगे। यहां उनकी जर्मन चांसलर से संक्षिप्त मुलाकात हो सकती है।