फ्रांस के दक्षिणी एल्प्स पर्वत श्रृंखला में एक एयरबस ए320 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। बताया गया कि विमान एल्प्स पर्वत श्रंखला में बार्सिलोन्ने और डिग्ने के बीच हादसे का शिकार हुआ है। बार्सिलोना से डसलडोर्फ जा रहा यह विमान जर्मनी की एयरलाइन लुफ्थांसा की एयरलाइन सेवा जर्मनविंग्स का था।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक विमान में 142 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार थे। फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांड ने कहा है कि हादसे में किसी के भी बचने की संभावना बेहद कम है।
ओलांड के मुताबिक फ्रांसीसी सरकार ने हादसे के बाद के हालात से निपटने के लिए एक उच्च स्तरिय सेल का गठन कर दिया है। ओलांड के मुताबिक हादसा बेहद विषम स्थान पर हुआ है और वहाँ पहुँचना मुश्किल है। फ्रांस के आंतरिक मंत्रालय के प्रवक्ता पिएरे हैनरी का कहना है कि विमान का मलबा मिल गया है। यह मलबा दुर्घटनास्थल एल्प्स पर्वत श्रृंखला में करीब दो हजार मीटर की ऊँचाई पर है।